दिल्ली में ट्रक से टकराने के बाद फॉर्च्यूनर में लगी भीषण आग, दो भाई जिंदा जले
देश की राजधानी दिल्ली के रानी बाग इलाके में बुधवार की देर रात को तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर लगते

देश की राजधानी दिल्ली के रानी बाग इलाके में बुधवार की देर रात को तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर लगते ही फॉर्च्यूनर गाड़ी में भीषण आग लग गई। हादसे में फॉर्च्यूनर सवार 2 चचेरे भाइयों की जिंदा जलकर मौत हो गई। टक्कर लगने के बाद फॉर्च्यूनर ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई थी। घटना के बाद भी चालक ने ट्रक को रोका नहीं और फॉर्च्यूनर को काफी दूर तक ले गया।
मृतकों की शिनाख्त हेनरी चंदेला (20) और दिपांशु चंदेला (21) के रूप में हुई है। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। पुलिस के साथ ही दमकल की 3 गाड़ियां वहां पर गयी। टक्कर लगने से फॉर्च्यूनर क्षतिग्रस्त होकर ट्रक में फंस गई थी। दोनों युवक भी कार में फंसे थे। दमकलकर्मियों ने पुलिस द्वारा फॉर्च्यूनर को काटकर दोनों भाइयों के शव जली हुई हालत में मिले। क्राइम टीम और एफएसएल भी वहां पर पहुंची। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर फॉर्च्यूनर और ट्रक कब्जे में लेकर आरोपी ट्रक चालक दिगम्बर को पकड़ लिया।
बता दें कि मंगलवार रात को इसी प्रकार के एक बाकि मामले में जीटी करनाल रोड, स्वरूप नगर इलाके में बुलेट बाइक सवार 3 दोस्तों की जान गई थी। तीनों मुरथल से बाइक पर पार्टी कर वापिस आ रहे थे। इस बीच तेज रफ्तार इनकी बाइक सीमेंट के जर्सी बैरियर से टकरा गई और तीनों युवकों की जान चली गई थी।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि हेनरी परिवार के साथ मीरा बाग इलाके में रहता था। वहीं दिपांशु का परिवार पश्चिम विहार में रहता है। दोनों ही चचेरे भाई होने के अलावा बीबीए के छात्र थे। हेनरी पुणे के एक कॉलेज से पढ़ाई कर रहा था और दिवाली की छुट्टियों में दिल्ली अपने घर आया हुआ था। बुधवार रात को दोनों का मुरथल पराठे खाने का प्लान बना। रात करीब 2.40 बजे दोनों फॉर्च्यूनर गाड़ी से मुरथल के लिए निकल गए। रोहिणी सेक्टर-3 से मधुबन चौक की ओर जाते हुए जैसे ही इनकी तेज रफ्तार गाड़ी फ्लाईओवर से उतरी, आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए। रानी बाग थाना पुलिस हादसे की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। कॉलर के अलावा प्रत्यक्षदर्शियों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पड़ताल की जा रही है।
फॉर्च्यूनर की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक थी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के वक्त फॉर्च्यूनर गाड़ी की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक थी। तेज रफ्तार गाड़ी जैसे ही फ्लाईओवर से नीचे उतरी, ट्रक के पिछले हिस्से में समा गई। देखते ही देखते गाड़ी में आग लग गई। जब तक बचाव दल मौके पर पहुंचा तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था। बचाव दल ने क्रेन से बांधकर गाड़ी को ट्रक के नीचे से खींचा। बाद में फॉर्च्यूनर की बॉडी को काटकर शव निकाले गए। वहां मौजूद लोगों ने जब यह मंजर अपनी आंखों से देखा तो उनकी रूह कांप उठी। बड़ी मेहनत के बाद पुलिस की टीम ने शवों को गाड़ी से बाहर निकाला और एंबुलेंस द्वारा शवों को मोर्चरी में भेजा। बाद में फॉरच्यूनर गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर दोनों की पहचान कर उनके परिवारों को खबर दी गई। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।









