गैंगस्टर नीरज बवाना के पिता गिरफ्तार, बुलेट प्रूफ गाड़ी समेत कारें बरामद
राजधानी दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर नीरज बवाना के पिता को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उनके पास एक पिस्टल...

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात गैंगस्टर नीरज नीरज बवाना के पिता को अवैध रूप से देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। साथ ही दिल्ली पुलिस ने बवाना के पिता के पास से बुलेट प्रूफ गाड़ी समेत दो कारें भी बरामद की हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद की गई। आरोपी को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस को उम्मीद है कि पकड़े गए आरोपी से कई अहम जानकारी मिल सकती है। बता दें कि गैंगस्टर नीरज बवाना अभी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है और वहीं से अपनी गैंग को कंट्रोल कर रहा है।
गैंगस्टर नीरज बवाना की गैंग दिल्ली-एनसीआर के साथ यूपी, पंजाब, हरियाणा और पंजाब में भी सक्रिय है। नीरज बवानिया पर, हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं। कई में यह दोषी हो चुका है और कई में ट्रायल चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बाहर से गैंगस्टर नीरज बवानिया का पिता गैंग के लोगों को सपोर्ट देता था।
बवानिया के पिता को दूसरे गैंग से डर था, इसलिए उसने अवैध रूप से बलेट प्रूफ गाड़ी बनवा ली। गैंगस्टर नीरज राजधानी दिल्ली के बवाना गांव का रहने वाला है। इसलिए यह अपने सरनेम की जगह अपने गांव का नाम लगाता है।
नीरज सालों से बतौर गैंगस्टर सक्रिय है। इस गैंगस्टर पर राजधानी दिल्ली के अलावा कई अन्य राज्यों में भी हत्या, लूट, रंगदारी और जान से मारने की धमकी जैसे कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। गैंगस्टर नीरज काफी समय से जेल में है और वहीं से अपना गैंग चला रहा है।
गैंगस्टर नीरज बवाना का इशारा मिलते ही गैंग के शूटर हत्या, लूट और रंगदारी मांगने जैसी वारदात को अंजाम देते हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पिछले दिनों नीरज बवाना गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार किया था। स्पेशल सेल के मुताबिक ये दोनों अपराधी राजधानी दिल्ली के एक व्यवसायी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने के मामले में शामिल थे।
यह भी पढ़े: मां-बाप डेढ़ साल से रह रहे थे बेटे की लाश के साथ, बोले-जिंदा है हमारा बेटा










