गाइडलाइन बिना कैसे फॉर्म भरें? दिल्ली के 700 स्कूलों ने नहीं डाली जानकारी

ऑनलाइन मानक उपलब्ध न होने की वजह से अभिभावक उलझन में हैं। राजधानी में 744 ऐसे स्कूल मौजूद हैं जिन्होंने अब तक अपने प्रवेश मानक वेबसाइट पर...

दिल्ली के 1753 निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नर्सरी और केजी एडमिशन की प्रक्रिया चार दिसंबर से शुरू होनी है। लेकिन अभी भी सात सौ से ज्यादा स्कूलों ने अपने एडमिशन मानक सार्वजनिक नहीं किए हैं। ऑनलाइन मानक उपलब्ध न होने की वजह से अभिभावक उलझन में हैं। राजधानी में 744 ऐसे स्कूल मौजूद हैं जिन्होंने अब तक अपने प्रवेश मानक वेबसाइट पर जारी नहीं किए हैं, जिससे अभिभावकों को यह समझ नहीं आ पा रहा कि इन संस्थानों में दाखिले का आधार क्या होगा।

शिक्षा निदेशालय ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्कूलों को 28 नवंबर तक अपने मानक पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया था। लेकिन निदेशालय के आदेश को कई स्कूलों ने गंभीरता से नहीं लिया। 1753 स्कूलों में से केवल 1009 ने ही अपने मानक जारी किए हैं, जबकि 744 स्कूल अब भी जानकारी नहीं दे पाए हैं। इस सूची में कई बड़े और प्रतिष्ठित स्कूल भी शामिल हैं। सबसे अधिक लापरवाही पश्चिमी दिल्ली (बी जिला) में देखने को मिली, जहां 241 निजी स्कूलों में से 117 स्कूलों ने अभी तक मानक अपडेट नहीं किए। इसके बाद उत्तर-पश्चिमी (ए जिला) में 79 स्कूल ऐसे हैं जिन्होंने मानक अपलोड नहीं किए हैं।

अभिभावकों की दिक्कत: मानक पता न चलने से उलझन बढ़ी

धौला कुआं के एक नामी स्कूल में अपने बेटे का दाखिला चाहने वाले अभिभावक प्रीत सैनी ने बताया कि उन्हें अब तक यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि स्कूल किन मानकों पर एडमिशन देगा। वह आसपास के अन्य स्कूलों में भी आवेदन करेंगे, लेकिन घर के पास वाले स्कूल के लिए नेबरहुड प्वाइंट्स की जानकारी न मिलना परेशानी का कारण है। इसी तरह नारायणा क्षेत्र के एक अन्य अभिभावक भी मानक स्पष्ट न होने से असमंजस में हैं।

अधिकतर स्कूलों ने नेबरहुड को बनाया आधार

जिन स्कूलों ने अपने मानक जारी किए हैं, उनमें ज़्यादातर ने पड़ोस (नेबरहुड) को प्रमुख मानदंड बनाया है। स्कूलों ने दूरी के आधार पर अंक तय किए हैं—0-5, 5-10 और 10-15 किलोमीटर की श्रेणियों में अधिक नजदीकी पर अधिक अंक दिए जा रहे हैं। एक स्कूल ने 0-6 किलोमीटर की दूरी वाले विद्यार्थियों को 80 अंक और इससे अधिक दूरी वालों को 70 अंक दिए हैं। वहीं एक अन्य स्कूल ने 0-10 किमी के लिए 50 अंक, 10.1-15 किमी के लिए 45 अंक और 15 किमी से अधिक दूरी वालों को 40 अंक निर्धारित किए हैं।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!