कश्मीरी गेट स्टेशन पर महिला के बैग से चुराए लाखों के गहने, दो महिलाएं गिरफ्तार
देश की राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर पुलिस टीम ने 2 महिला चोरों को पकड़ लिया है, जिन्होंने मेट्रो स्टेशन से महिला के बैग से

देश की राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर पुलिस टीम ने 2 महिला चोरों को पकड़ लिया है, जिन्होंने मेट्रो स्टेशन से महिला के बैग से लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दस लाख रुपये के चोरी हुए आभूषण बरामद किए हैं।
मेट्रो पुलिस के उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार, पिछले साल 19 नवंबर को शिकायतकर्ता संजू कुमारी बिहार के सीवान से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन गयी थीं। जिसके बाद वह नोएडा में अपने घर जाने के लिए नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन गईं। सुबह दस बजे, चेक-इन करने के बाद, जब वह मेट्रो स्टेशन में आ रही थी, तो एक महिला ने उन्हें धक्का मारा। कुछ देर बाद जब उन्होंने अपना बैग देखा तो उसमें से रूमाल में लिपटे आभूषण गायब थे।
दोस्त के साथ मिलकर महिला ने चुराए गहने
उनके बयान के आधार पर कश्मीरी गेट मेट्रो में यह मामला दर्ज किया गया और मामले की जांच शुरू की गई। जांच के चलते उन्हाेंने संदेह जताया कि उनके पीछे खड़ी हुई एक महिला ने उनके गहने चुराये होंगे। जानकारी पर संदिग्ध महिला प्रीति उर्फ सुनीता से मामले की पूछताछ हुई, जिसमें उसने बताया कि उसने अपनी दोस्त अंजू के साथ मिलकर गहने चोरी किए थे और गहने अंजू ने छीन लिए थे। पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
दस लाख की कीमत के गहने बरामद
टीमों ने अंजू के बारे में सुचना एकत्र की और उसकी तलाश में टीमों ने दिल्ली और गुजरात के अलग-अलग जगह पर छापे मारे। फरार महिला को गुजरात में उसके ठिकानों में से पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से चोरी किए गए दस लाख की कीमत के गहने बरामद किए गए। बरामद वस्तुओं को जब्त कर लिया गया और आगे की जांच जारी है।









