Madangir Firing Case: दुकान पर बैठे युवक पर बरसाईं गोलियां, मौत

दक्षिण दिल्ली के अंबेडकर नगर थाना क्षेत्र के मदनगीर इलाके में सोमवार रात एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

Madangir Firing Case: दक्षिण दिल्ली के अंबेडकर नगर थाना क्षेत्र के मदनगीर इलाके में सोमवार रात एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय निखिल नागर उर्फ निक्की के रूप में हुई है। हमलावरों ने दुकान पर पहुंचते ही उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मंगलवार को उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है।

पुलिस के अनुसार निखिल नागर मदनगीर में अपने परिवार के साथ रहता था और घर के पास ही चिकन बेचने की दुकान चलाता था। सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान पर मौजूद था, तभी कुछ बदमाश वहां पहुंचे और उस पर गोलियां बरसाकर मौके से फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि निखिल करीब डेढ़ महीने पहले ही एक पुराने हत्या के मामले में जेल से बाहर आया था। पुलिस इस एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है।

इसी बीच बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने शाहबाद डेयरी इलाके में मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर इलाके में पहुंचे थे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस मुठभेड़ में कुल 11 राउंड फायरिंग हुई।

मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया। घायल हालत में उन्हें अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस दौरान एक गोली पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्य पांडे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ये दोनों बदमाश बवाना इलाके में करीब एक महीने पहले हुई कारोबारी वैभव गांधी की हत्या और लूटपाट के मामले में वांछित थे। इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अधिकारियों ने बताया कि 9 फरवरी को बवाना सेक्टर-4 इलाके में बदमाशों ने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने 15 फरवरी को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि इस वारदात में मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्य पांडे भी शामिल थे, जो तब से फरार चल रहे थे।

सोमवार रात निगरानी के दौरान पुलिस की नारकोटिक्स टीम को सूचना मिली कि दोनों बदमाश शाहबाद डेयरी इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस उपायुक्त की देखरेख में एक विशेष टीम बनाई गई और इलाके में घेराबंदी की गई। जैसे ही पुलिस ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, उन्होंने पुलिस टीम पर छह राउंड फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पांच राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके पर ही गिर पड़े। बाद में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, छह खाली खोखे और एक चोरी की बाइक बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक मोहम्मद इरफान चांद बाग का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूटपाट, डकैती और चोरी सहित 40 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 32 मामले दिल्ली में और आठ उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं। वहीं ऐश्वर्य पांडे गाजियाबाद का निवासी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन घटनाओं के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!