वसंत विहार रैन बसेरा में भीषण आग, पिता के सामने जिंदा जला इकलौता बेटा
अशोक बार-बार लोगों से गुहार लगाते रहे “कोई मेरे लाल को बचा लो” लेकिन कोई आग की तीव्रता के कारण आगे नहीं बढ़ सका।

दिल्ली के वसंत विहार इलाके में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। कुली कैंप स्थित रैन बसेरा में लगी आग में 18 वर्षीय अर्जुन और 42 वर्षीय विकास की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। दोनों के शव झुलसी हालत में मिले, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका है कि अंदर जल रही अंगीठी से आग भड़की होगी, हालांकि पुलिस आग लगने के कारण की जांच कर रही है। दक्षिण-पश्चिम जिला डीसीपी अमित गोयल के अनुसार, सुबह करीब 3:28 बजे आग की सूचना मिली थी। आग इतनी तेज थी कि रैन बसेरा पूरी तरह लपटों में घिर गया था। अर्जुन के पिता अशोक, जो पास ही बने सार्वजनिक शौचालय में कर्मचारी हैं, रात को अपने कमरे में थे। तभी पड़ोसी संजय ने फोन कर बताया कि रैन बसेरे में आग लग गई है। अशोक दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे तो देखा कि पूरा ढांचा आग में जल रहा है। अंदर उनका इकलौता बेटा अर्जुन मदद के लिए चिल्ला रहा था, लेकिन तेज लपटों ने भीतर घुसने नहीं दिया।
अशोक बार-बार लोगों से गुहार लगाते रहे—“कोई मेरे लाल को बचा लो”—लेकिन कोई आग की तीव्रता के कारण आगे नहीं बढ़ सका। देखते ही देखते अर्जुन की चीखें थम गईं और वह बुरी तरह जल गया। अर्जुन की मां की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और अशोक ने बेटे की परवरिश के लिए दुबारा शादी नहीं की थी। अर्जुन हाल ही में काम करने लगा था और रैन बसेरा में रहता था। सूचना के अनुसार, आग लगने के समय रैन बसेरा में कुल आठ लोग मौजूद थे। आग देखते ही छह लोग बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन मुख्य गेट के पास खड़ी एक बाइक में भी आग लग गई, जिससे निकास मार्ग अवरुद्ध हो गया। इसी वजह से अर्जुन और विकास बाहर नहीं निकल पाए और लपटों के बीच घिर गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इलाके में शोक का माहौल है और लोग इस दर्दनाक घटना को लेकर बेहद आहत हैं।









