North Delhi में बड़ा एक्शन: 193 गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब-ड्रग्स बरामद

पुलिस ने अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार और जुए से जुड़े मामलों में व्यापक कार्रवाई करते हुए 154 केस दर्ज किए और 193 आरोपियों को...

उत्तरी दिल्ली में अपराध और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए दिल्ली पुलिस ने 72 घंटे का विशेष अभियान चलाया। 24 से 27 अगस्त 2026 के बीच चलाए गए इस अभियान को ‘ऑपरेशन चक्र’ नाम दिया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार और जुए से जुड़े मामलों में व्यापक कार्रवाई करते हुए 154 केस दर्ज किए और 193 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के अलावा हथियार, जुआ राशि और चोरी के दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए।

DCP की निगरानी में चला अभियान

‘ऑपरेशन चक्र’ की कमान DCP North निहारिका भट्ट की निगरानी में रही। अभियान को Additional DCP-I पुखराज कमल गुप्ता और Additional DCP-II राम दलेश मीणा के नेतृत्व में आगे बढ़ाया गया।

अभियान के तहत सभी SDPO और थाना प्रभारियों को संवेदनशील एवं रणनीतिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, लगातार गश्त करने और संदिग्ध लोगों तथा वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए गए थे।

अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने 63 लोगों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में 10,122 क्वार्टर बोतल अवैध शराब के साथ एक कार बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया कि शराब पड़ोसी राज्यों से दिल्ली लाई जाती थी और फिर राजधानी के अलग-अलग इलाकों में इसकी अवैध सप्लाई की जाती थी।

ड्रग्स के खिलाफ भी कसा शिकंजा

नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने NDPS Act के तहत 21 आरोपियों को पकड़ा।

इनके कब्जे से करीब 1.975 किलो गांजा, 39.2 ग्राम हेरोइन और 544 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके अलावा पुलिस ने 240 ब्यूप्रेनॉर्फिन टैबलेट और 500 एविल इंजेक्शन भी जब्त किए।

हथियार रखने वालों पर कार्रवाई

अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने Arms Act के तहत 22 मामले दर्ज कर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई के दौरान 3 देसी पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस और 22 चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने हथियारों की सप्लाई और इनके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है।

जुए के अड्डों पर भी पुलिस की दबिश

जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने अभियान तेज किया। इस दौरान 50 मामले दर्ज किए गए और 87 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने मौके से 1,69,750 रुपये की जुआ राशि, 2 मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए। अभियान के दौरान पुलिस को चोरी के 4 दोपहिया वाहन बरामद करने में भी सफलता मिली।

अपराध नेटवर्क तोड़ना था अभियान का मकसद

DCP North निहारिका भट्ट के मुताबिक, ‘ऑपरेशन चक्र’ का मुख्य उद्देश्य अवैध गतिविधियों और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना तथा इलाके में लोगों की सुरक्षा को मजबूत करना था।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्थानीय स्तर से मिली खुफिया जानकारी, लगातार निगरानी, व्यापक चेकिंग और विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल के जरिए कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

DCP ने लोगों से अपील की कि अगर उन्हें अपने आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस और जनता के बीच सहयोग बेहद जरूरी है।

उत्तरी दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब, ड्रग्स, हथियार और जुए से जुड़े नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है। पुलिस ने संकेत दिया है कि ऐसे अपराधों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!