Police Viral Letter: ‘सर मुझे वापस सिपाही बना दो’, SI की चिट्ठी वायरल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारी ने अपने आवेदन में बताया कि वह आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहता है।

Police Viral Letter: राजधानी में एक अनोखा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर (SI) ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर खुद को दोबारा सिपाही के पद पर भेजने की मांग की है। यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों के बीच काफी चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार यह मामला उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। यहां तैनात एक सब-इंस्पेक्टर ने विभाग को लिखित आवेदन देकर कहा है कि वह दोबारा सिपाही के पद पर काम करना चाहता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारी ने अपने आवेदन में बताया कि वह आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहता है। उसका कहना है कि सब-इंस्पेक्टर बनने के बाद जिम्मेदारियां काफी बढ़ गई हैं, जिससे उसे पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है।
बताया जा रहा है कि जब वह सिपाही के पद पर कार्यरत था, तब उसे ड्यूटी के साथ-साथ पढ़ाई करने का समय मिल जाता था। लेकिन प्रमोशन मिलने के बाद काम का दबाव बढ़ गया है, जिसके कारण वह अपनी तैयारी पर ध्यान नहीं दे पा रहा। इसी वजह से उसने स्वेच्छा से पुराने पद पर वापस भेजे जाने का अनुरोध किया है।
सूत्रों के अनुसार 11 मार्च को जारी एक विभागीय पत्र में इस अनुरोध का जिक्र किया गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस मामले पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस फैसले के पीछे की वजह को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम









