Rajghat March: पुलिस हिरासत से छूटे राहुल-प्रियंका, अब राजघाट पर देंगे धरना

प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत विपक्षी दलों के कई सांसद राजघाट की ओर रवाना हुए। विपक्षी सांसद वहां धरना देने की...

Rajghat March: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। गुरुवार को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत विपक्षी दलों के कई सांसद राजघाट की ओर रवाना हुए। विपक्षी सांसद वहां धरना देने की तैयारी में हैं।

इससे पहले विपक्षी सांसद जंतर-मंतर की तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया था। करीब दो घंटे बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद सभी नेता राजघाट की ओर निकल गए।

राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

राजघाट के लिए रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना चाहता है, लेकिन उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान उनके कई कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई।

राहुल गांधी ने कहा कि करीब 300 सांसद शांतिपूर्वक धरना देना चाहते हैं। उनके मुताबिक, प्रदर्शन के पहले दिन उन्हें चुनाव आयोग के कार्यालय के पास रोक दिया गया था। इसके बाद दूसरे दिन जंतर-मंतर जाने से भी रोका गया और उनके साथ मौजूद लोगों के साथ कथित तौर पर मारपीट हुई।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मिलकर देश के खिलाफ साजिश की है। उन्होंने संविधान को कमजोर करने और वोटों में हेरफेर का भी आरोप लगाया।

खरगे बोले- राजघाट पर शांतिपूर्वक देंगे धरना

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के सांसद गांधी स्मारक यानी राजघाट जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वहां सभी नेता शांतिपूर्वक बैठकर धरना देंगे और देश के हित में सही फैसले लेने की प्रार्थना करेंगे।

खरगे ने भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का विरोध कथित वोट चोरी, बढ़ती महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर है।

राजघाट पर बढ़ाई गई सुरक्षा

जानकारी के मुताबिक, कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में लंच करने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसद राजघाट के लिए रवाना हुए। इस दौरान कांग्रेस के कई कार्यकर्ता पहले ही राजघाट पहुंच चुके थे और वहां नारेबाजी कर रहे थे।

स्थिति को देखते हुए राजघाट के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। विपक्षी सांसदों के पहुंचने के बाद वहां सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ाए जाने की संभावना है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!