Google Maps पर भरोसा पड़ा भारी! बारापुला फ्लाईओवर पर पहुंचकर जाम में फंसे लोग

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, Google Maps पर बारापुला फ्लाईओवर की मौजूदा ट्रैफिक स्थिति का रियल टाइम अपडेट अभी ठीक से नहीं दिख रहा है।

Google Maps: दिल्ली में बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर पर ट्रैफिक की स्थिति को लेकर वाहन चालकों की परेशानी अभी खत्म नहीं हुई है। मयूर विहार से एम्स की ओर जाने वाली लेन पर जाम की स्थिति के बावजूद Google Maps पर रास्ता अब भी ब्लू और खाली दिखाई दे रहा है। इसके कारण बाहर से आने वाले और शॉर्टकट तलाश रहे वाहन चालक फ्लाईओवर की ओर पहुंच रहे हैं और जाम में फंस जा रहे हैं।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, Google Maps पर बारापुला फ्लाईओवर की मौजूदा ट्रैफिक स्थिति का रियल टाइम अपडेट अभी ठीक से नहीं दिख रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए Google की ओर से काम किया जा रहा है और जल्द ही मैप पर ट्रैफिक की वास्तविक स्थिति अपडेट होने की उम्मीद है।

शॉर्टकट के चक्कर में फ्लाईओवर पर पहुंच रहे वाहन

मयूर विहार, डीएनडी लूप और एनएच-24 की तरफ से एम्स जाने वाले वाहन चालकों के लिए Google Search और Maps पर बारापुला फ्लाईओवर का रास्ता आसान और खाली दिखाई दे रहा है। मैप कई बार इस रास्ते को शॉर्टकट के तौर पर सुझा रहा है।

वाहन चालक इसी जानकारी के आधार पर फ्लाईओवर की ओर बढ़ रहे हैं। बड़ी संख्या में वाहनों के एक साथ पहुंचने से वहां यातायात का दबाव बढ़ रहा है और जाम की स्थिति और गंभीर हो रही है।

ड्रोन से की जा रही ट्रैफिक की निगरानी

जाम की स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बारापुला फ्लाईओवर और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। बुधवार को भी ड्रोन के जरिए ट्रैफिक की स्थिति पर नजर रखी गई।

ड्रोन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर प्रमुख प्वाइंट पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं। जहां जरूरत पड़ रही है, वहां वाहनों का डायवर्जन किया जा रहा है और यातायात को मैनुअल तरीके से भी नियंत्रित किया जा रहा है।

प्रमुख प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती

ट्रैफिक पुलिस ने जाम वाले इलाकों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त निगरानी रखी है। पुलिसकर्मी मौके की स्थिति के अनुसार वाहनों को आगे बढ़ा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर दूसरे रास्तों की ओर डायवर्ट कर रहे हैं।

सदर्न रेंज के पुलिस उपायुक्त यातायात संदीप गुप्ता के मुताबिक, बारापुला फ्लाईओवर और उसके आसपास जाम से राहत दिलाने के लिए लगातार ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सभी प्रमुख प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात हैं और यातायात की स्थिति के अनुसार उसे नियंत्रित किया जा रहा है।

Google Maps पर जल्द मिलेगा रियल टाइम अपडेट

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, फिलहाल Google Maps पर वाहन चालकों को बारापुला फ्लाईओवर की वास्तविक ट्रैफिक स्थिति का रियल टाइम अपडेट नहीं मिल पा रहा है। Google की ओर से इस समस्या पर काम किया जा रहा है।

पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही Maps पर ट्रैफिक की मौजूदा स्थिति अपडेट होने लगेगी। तब वाहन चालकों को जाम वाले रास्तों की सही जानकारी मिल सकेगी और वे वैकल्पिक मार्ग चुन पाएंगे।

फिलहाल ट्रैफिक पुलिस वाहन चालकों से अपील कर रही है कि बारापुला फ्लाईओवर की ओर जाने से पहले मौके की ट्रैफिक स्थिति का ध्यान रखें और जाम होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!