मामूली टक्कर होने से रिक्शेवालों ने ऑटोचालक को पीटा, मोबाइल समेत छीने पैसे
शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके के नत्थू कॉलोनी फ्लाईओवर पर ऑटो वाले और मालवाहक ई-रिक्शा में टक्कर हो गई। इससे दोनों को नुकसान हो गया

शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके के नत्थू कॉलोनी फ्लाईओवर पर ऑटो वाले और मालवाहक ई-रिक्शा में टक्कर हो गई। इससे दोनों को नुकसान हो गया। आरोप है कि ई-रिक्शा वाले ने कॉल कर कुछ लड़कों को बुलाया।
ऑटो वाले की पिटाई कर चाबी और मोबाइल छीनकर भगा दिया। पीड़ित घर वालों को लेकर वापस फ्लाईओवर पर आया तो ऑटो गायब था। मानसरोवर पार्क थाना पुलिस ने लूटपाट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संजय गुप्ता अपने परिवार के साथ जीटीबी एनक्लेव जनता फ्लैट्स में रहते हैं। वह ऑटो चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह सोमवार रात को दुर्गापुरी से नत्थू कॉलोनी फ्लाईओवर की तरफ आ रहे थे।
रात करीब 9:40 बजे वह फ्लाईओवर पर करीब 100 मीटर चढ़े थे। उनके आगे दो मालवाहक ई-रिक्शा जा रहे थे। इनमें से एक ने अचानक ब्रेक मार दिए और उनका ऑटो उससे टकरा गया।
इससे ऑटो का अगला हिस्सा डैमेज हो गया, जबकि ई-रिक्शा का पहिया क्षतिग्रस्त हुआ। दोनों ई-रिक्शा वालों से उनकी बहस होने लगी। आरोप है कि ई-रिक्शा वालों ने कॉल कर अपने दो और साथियों को मौके पर बुला लिया।
चारों उससे मारपीट करने लगे। फोन और ऑटो की चाबी लूट ली। चारों ने उनको वहां से भगा दिया। वह वहां से दूसरा ऑटो पकड़कर अपने घर आए।
वहां से परिजनों को लेकर फ्लाईओवर पर पहुंचे तो ऑटो भी नहीं था और चारों आरोपी भी गायब थे। पुलिस को वारदात की जानकारी दी गयी , जिसने पीड़ित के बयान पर लूटपाट का मुकदमा दर्ज कर लिया।
ये भी पढ़ें: भगवती मार्केट: दुकानदारों की तहबाज़ारी कैंसल कर दुकानें तोड़ने का अल्टीमेटम