Rohini Court: वकील से बदसलूकी के विरोध में हड़ताल, पुलिस की एंट्री बंद
मामले को लेकर बार की कार्यकारिणी समिति ने संयुक्त पुलिस आयुक्त, उत्तर-पश्चिम जिले के डीसीपी और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश से मुलाकात...

नई दिल्ली: रोहिणी कोर्ट बार एसोसिएशन ने एक अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के विरोध में सोमवार को अदालत परिसर में न्यायिक कार्य से पूरी तरह दूर रहने का फैसला किया है। एसोसिएशन ने यह भी कहा है कि हड़ताल के दौरान किसी भी जिले के पुलिसकर्मी को कोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बार एसोसिएशन की ओर से 3 अक्टूबर को जारी नोटिस में अध्यक्ष राजीव तेहरान और मानद सचिव परदीप खत्री ने घटना का जिक्र किया। नोटिस के मुताबिक, 29 सितंबर को महेंद्र पार्क थाने में अधिवक्ता कमलदीप के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट हुई थी।
मामले को लेकर बार की कार्यकारिणी समिति ने संयुक्त पुलिस आयुक्त, उत्तर-पश्चिम जिले के डीसीपी और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश से मुलाकात की थी। एसोसिएशन के अनुसार, डीसीपी की ओर से संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया था।
हालांकि, बार एसोसिएशन का आरोप है कि कार्रवाई किए जाने के बजाय बाद में अधिवक्ता कमलदीप के खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया गया। समिति का कहना है कि इस कार्रवाई की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से उसे नहीं दी गई।
एसोसिएशन ने इस पूरे घटनाक्रम को पुलिस की मनमानी बताते हुए नाराजगी जताई है। बार का कहना है कि पुलिस अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद भी अधिवक्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना भरोसे का गंभीर उल्लंघन है।









