Rohini Murder: मौसी के बाहर जाते ही हुआ कत्ल, भांजी निकली मास्टरमाइंड?
रोहिणी सेक्टर-3 में 60 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले ने पुलिस जांच में नया मोड़ ले लिया है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में मृतक की पत्नी...

रोहिणी सेक्टर-3 में 60 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले ने पुलिस जांच में नया मोड़ ले लिया है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में मृतक की पत्नी की बहन की 24 वर्षीय बेटी और उसके दो साथियों की कथित भूमिका सामने आई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करने के साथ ही लूटे गए सामान को बरामद करने का दावा किया है।
घर लौटते ही पत्नी के उड़ गए होश
घटना रोहिणी साउथ थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय 60 वर्षीय राकेश खन्ना घर में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी किसी काम से बाहर गई हुई थीं। जब पत्नी वापस घर पहुंचीं तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। राकेश खन्ना बेहोशी की हालत में पड़े थे। घर से मोबाइल, नकदी और गहने भी गायब मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को शाम करीब 7:30 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जांच में सामने आई चौंकाने वाली कड़ी
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच के दौरान शक मृतक की पत्नी की बहन की बेटी पर गया। जांच में पता चला कि वह कथित तौर पर अपने दो साथियों के साथ इलाके में आई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों में से एक ने पहले घर और आसपास के इलाके की रेकी की थी। मृतक और उसके घर की जानकारी आरोपियों को पहले से होने के कारण वारदात को अंजाम देना उनके लिए आसान रहा।
80 लाख रुपये के गहने बरामद करने का दावा
पुलिस ने महिला समेत तीनों संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कथित तौर पर लूटी गई नकदी और करीब 80 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असल वजह और पूरी साजिश को लेकर पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात की योजना कब बनाई गई और इसमें किस-किस की भूमिका थी।









