बीटिंग रिट्रीट समारोह को लेकर डायवर्ट हुए रूट, एडवाइजरी जारी

देश की राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह के बाद बुधवार की शाम को विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट समारोह का आयोजन

देश की राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह के बाद बुधवार की शाम को विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट समारोह का आयोजन होगा। जिसके लिए बुधवार अपराह्न दो बजे से रात 9.30 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा।

यातायात पुलिस की तरफ से सभी लोगों को विजय चौक तथा नई दिल्ली इलाके के रास्तों से बचने की सलाह दी जाती है। यातायात पुलिस ने इसके लिए एडवाइजरी भी जारी की है ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े।

यातायात पुलिस की तरफ से बुधवार को होने वाले बीटिंग रिट्रीट समारोह के लिए विजय चौक के साथ नई दिल्ली में व्यापक इंतजाम हुए हैं। इस के चलते आम वाहनों के लिए विजय चौक तथा राजपथ पूरी प्रकार से प्रतिबंधित रहेगा।

इसके साथ ही मार्ग पर सुनहरी मस्जिद से कृषि भवन, रायसीना रोड पर कृषि भवन से विजय चौक, डलहौजी रोड और राजपथ पर विजय चौक से सी-हेक्सागन तक वाहनों की आवाजाही दो से रात 9.30 बजे तक बंद रहेगी।

डीटीसी सहित अन्य बसों को किया जाएगा डायवर्ट

शांति पथ-विनय मार्ग-सरदार पटेल मार्ग से आने वाली केंद्रीय सचिवालय तथा कनाट प्लेस जाने वाली सभी बसें पंचशील मार्ग-साइमन बोलिवर मार्ग-वंदे मातरम मार्ग-आर/ए शंकर रोड-शेख मुजीबुर्रहमान रोड से चलेंगी।

केंद्रीय सचिवालय जाने वाली बसें उद्यान मार्ग पर रुक जाएगी और काली बाड़ी मार्ग-मंदिर मार्ग-शंकर रोड से वापस आएंगी।

कनॉट प्लेस जाने वाली बसें मंदिर मार्ग-काली बाड़ी मार्ग-जीपीओ-बाबा खड़क सिंह मार्ग से कनॉट प्लेस जाएगी तथा भगत सिंह मार्ग-पेशवा रोड-मंदिर मार्ग-शंकर रोड और वंदे मातरम मार्ग से वापस आएंगी।

दक्षिणी दिल्ली से तुगलक रोड के रास्ते जाने वाली सभी बसें अरविंदो मार्ग चौक से सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, सिमोन बोलीवर मार्ग होते हुए वंदे मातरम मार्ग, शंकर रोड तथा पार्क स्ट्रीट जाएंगी।

मंडी हाउस से फिरोजशाह रोड होते हुए कनाट प्लेस, बाराखंबा रोड, शिवाजी स्टेडियम तक बसें जा सकती हैं। वापसी में ये बसें कस्तूरबा गांधी मार्ग और बाराखंबा रोड होते हुए जाएंगी।

दक्षिण की ओर से आने वाली पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, लाल किला और आईएसबीटी कश्मीरी गेट जाने वाली बसें एम्स से रिंग रोड होते हुए धौला कुआं और फिर रिज रोड, रानी झांसी रोड की ओर जाएंगी।

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, लाल किला और आइएसबीटी कश्मीरी गेट से आश्रम की ओर आने वाली बसें आश्रम चौक-रिंग रोड से सराय काले खां की ओर जाएंगी और राजघाट होते हुए आगे बढ़ेंगी।

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, लाल किला, कश्मीरी गेट से दक्षिण और दक्षिण पूर्व की ओर जाने वाली बसें दिल्ली गेट-जवाहरलाल नेहरू मार्ग-राजघाट-रिंग रोड-सराय काले खां-आश्रम चौक की ओर जाएंगी।

विकास मार्ग से दक्षिण की ओर जाने वाली बसें रिंग रोड-सराय काले खां-आश्रम चौक की ओर जाएंगी।

Tez Tarrar News
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!