Satya Niketan: बिना पिलर की इमारत, गिराने से पहले MCD भी हुई सावधान!
यहां खतरनाक घोषित की गई एक पुरानी इमारत को गिराने के लिए MCD को पहले उसे लोहे के भारी गर्डरों से सहारा देना पड़ा।

Satya Niketan: राजधानी दिल्ली में पुरानी और जर्जर इमारतों की स्थिति किस हद तक खतरनाक हो सकती है, इसका एक उदाहरण सत्य निकेतन में सामने आया। यहां खतरनाक घोषित की गई एक पुरानी इमारत को गिराने के लिए MCD को पहले उसे लोहे के भारी गर्डरों से सहारा देना पड़ा। इमारत की हालत इतनी कमजोर थी कि सामान्य मशीनों से इसे गिराना भी जोखिम भरा माना गया।
MCD की टीम ने मौके पर पहुंचकर जब पूरे स्ट्रक्चर का निरीक्षण किया तो अधिकारियों को आशंका हुई कि तोड़फोड़ के दौरान कंपन होने पर इमारत अचानक ढह सकती है। किसी बड़े हादसे की संभावना को देखते हुए पहले सुरक्षा इंतजाम किए गए और उसके बाद ही डिमोलिशन की प्रक्रिया शुरू की गई।
पहले इमारत को मजबूत किया, फिर शुरू हुई कार्रवाई
MCD अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई से पहले पूरी बिल्डिंग की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया। यह इमारत करीब पांच दशक से भी ज्यादा पुरानी बताई जा रही है। इसमें बेसमेंट के अलावा पांच मंजिलें हैं और पूरा स्ट्रक्चर दो हिस्सों में तैयार किया गया था।
निरीक्षण में सामने आया कि पुराने ढांचे के बनने के करीब दो दशक बाद उसके ऊपर अतिरिक्त मंजिलें तैयार की गई थीं। कई जगह महज करीब चार इंच मोटी दीवारों के सहारे मंजिलें बनाई गई थीं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह थी कि स्ट्रक्चर में सामान्य अर्थों में पिलर मौजूद नहीं था।
कंपन से भरभराकर गिरने का था खतरा
अधिकारियों को आशंका थी कि ऊपर के लिंटर पर हथौड़े से तोड़फोड़ शुरू करते ही कंपन पैदा होगा और कमजोर ढांचा उसका दबाव नहीं झेल पाएगा। ऐसे में पूरी इमारत के अचानक गिरने का खतरा था। इसी वजह से MCD ने सीधे तोड़ने के बजाय पहले बिल्डिंग को सपोर्ट देने का फैसला किया। ग्राउंड फ्लोर के साथ-साथ आगे और पीछे निकले छज्जों वाले हिस्सों में भारी लोहे के गर्डर लगाए गए। इसके अलावा लिंटर तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली लोहे की शटरिंग भी कई हिस्सों में लगाई गई।
सिर्फ खतरनाक इमारत ही नहीं, बल्कि उसके बिल्कुल सटी हुई पड़ोसी बिल्डिंग को भी अतिरिक्त सहारा दिया गया। अधिकारियों को डर था कि मुख्य इमारत के गिरने या तोड़फोड़ के दौरान पड़ोसी स्ट्रक्चर पर भी असर पड़ सकता है।
JCB तक का इस्तेमाल नहीं कर सकती MCD
स्ट्रक्चर को सपोर्ट देने के बाद ही इमारत को गिराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। हालांकि, बिल्डिंग की कमजोर स्थिति के कारण इस काम में जेसीबी या भारी मशीनरी का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। MCD ने करीब 20 मजदूरों को मैनुअल डिमोलिशन के लिए लगाया है। मजदूर धीरे-धीरे ऊपर से स्ट्रक्चर को तोड़ रहे हैं, ताकि किसी हिस्से पर अचानक ज्यादा दबाव न पड़े और आसपास के इलाके में खतरा कम रहे।
धूल रोकने के लिए पानी का छिड़काव
तोड़फोड़ के दौरान सुरक्षा के साथ पर्यावरण और आसपास के लोगों की परेशानी को भी ध्यान में रखा जा रहा है। मलबा हटाने और धूल को नियंत्रित करने के लिए लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। MCD अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की जर्जर इमारत को जल्दबाजी में मशीन से गिराना हादसे को न्योता दे सकता था। इसलिए पहले स्ट्रक्चर को सपोर्ट दिया गया और अब विशेषज्ञ निगरानी में चरणबद्ध तरीके से इसे हटाने की कार्रवाई की जा रही है।









