कालकाजी में मां ने दो बेटों के साथ की आत्महत्या, घर से मिले शव, जांच जारी
मृतकों की पहचान 52 वर्षीय अनुराधा कपूर और उनके बेटों आशीष (32) व चैतन्य (27) के रूप में हुई है। तीनों के शव घर के भीतर फंदे से लटके मिले

दक्षिण दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने दो बेटों के साथ जीवन समाप्त कर लिया। मृतकों की पहचान 52 वर्षीय अनुराधा कपूर और उनके बेटों आशीष (32) व चैतन्य (27) के रूप में हुई है। तीनों के शव घर के भीतर फंदे से लटके मिले, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2:47 बजे इस घटना की सूचना मिली। दरअसल, अदालत के आदेश के तहत एक टीम पुलिस के साथ कालकाजी स्थित उक्त मकान का कब्जा लेने पहुंची थी। अधिकारियों ने जब कई बार दरवाजा खटखटाया और भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो अनहोनी की आशंका के चलते डुप्लीकेट चाबी से दरवाजा खोला गया। जैसे ही दरवाजा खुला, अंदर का दृश्य देख टीम के सदस्य सन्न रह गए। कमरे के भीतर मां और दोनों बेटे फंदे से लटके हुए थे।
सूचना मिलते ही कालकाजी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को नीचे उतारकर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए एम्स के शवगृह भेज दिया गया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मानसिक अवसाद का जिक्र किया गया है। हालांकि नोट में किसी का नाम या स्पष्ट वजह नहीं लिखी गई है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त हेमंत तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। इसके अलावा, प्रॉपर्टी से जुड़ा मामला और अदालत से जुड़ी कार्रवाई भी तनाव की एक वजह हो सकती है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि इस कदम के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। साथ ही पुलिस आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि परिवार किन परिस्थितियों से गुजर रहा था और आखिरी बार उनकी किससे बातचीत हुई थी, इस घटना से पड़ोसियों में गहरा सदमा है। एक साथ पूरे परिवार के खत्म हो जाने से इलाके में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल मकान को सील कर दिया गया है और पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की जांच में जुटी हुई है।









