RK Puram News: ‘अंकल जी’ कहकर रोका और कर दी लूट, 3 गिरफ्तार
आर.के. पुरम इलाके में देर रात हुई लूट की वारदात के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तीन आरोपियों को कुछ ही मिनटों में गिरफ्तार कर लिया गया।

RK Puram News: नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम जिले के आर.के. पुरम इलाके में देर रात हुई लूट की वारदात के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तीन आरोपियों को कुछ ही मिनटों में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में दो युवक और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, पर्स और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 मार्च 2026 को तड़के करीब 3:30 बजे आर.के. पुरम सेक्टर-1 स्थित विवेकानंद मार्ग के पास हुई। शिकायतकर्ता एम. सिंह, जो कि मुनीरका गांव के रहने वाले हैं और कीर्ति नगर के एक रेस्टोरेंट में काम करते हैं, देर रात काम खत्म कर पैदल अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि जब वह भिकाजी कामा प्लेस स्थित हयात होटल के पास रिंग रोड से होते हुए सेक्टर-1 की रेड लाइट के आगे पहुंचे, तभी हल्के नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और “अंकल जी” कहकर उन्हें रोका।
इसके बाद दो युवक स्कूटी से उतरकर शिकायतकर्ता को पकड़ लिया, जबकि तीसरे युवक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। तीनों आरोपियों ने मिलकर उनसे हाथापाई की और जबरन उनका मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया। पर्स में नकदी के अलावा आधार कार्ड, वोटर आईडी और एटीएम कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज भी थे। लूट के दौरान आरोपियों के साथ छीना-झपटी में शिकायतकर्ता की पैंट की जेब भी फट गई।
इसी दौरान शिकायतकर्ता ने पास से गुजर रही नाइट पेट्रोलिंग पुलिस टीम को देखकर शोर मचाया और घटना की जानकारी दी। पुलिस वाहन में मौजूद हेड कांस्टेबल शशि कपूर मीणा और कांस्टेबल परवीन यादव ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता के साथ आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस को पीछा करते देख स्कूटी सवार आरोपी मुनीरका फ्लाईओवर की ओर भागने लगे, लेकिन टी-पॉइंट के पास उन्होंने दिशा बदलकर फिर से सेक्टर-1 की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए सेक्टर-1 क्रॉसिंग से करीब 50–60 मीटर पहले एक टैक्सी स्टैंड के पास स्कूटी को घेर लिया।
भागने की कोशिश में स्कूटी फिसल गई और तीनों आरोपी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को काबू कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान नितेश (24 वर्ष), बिपिन (22 वर्ष) और एक नाबालिग के रूप में हुई। तीनों आरोपी अंबेडकर बस्ती, सेक्टर-1 आर.के. पुरम के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी और दस्तावेजों से भरा पर्स तथा वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली है। इस मामले में आर.के. पुरम थाने में एफआईआर नंबर 41/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम









