Sultanpuri Bribe Case: खाकी पर शिकंजा, रिश्वत लेते कांस्टेबल गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सुल्तानपुरी थाना क्षेत्र में छापेमारी की।

Sultanpuri Bribe Case: राजधानी दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सुल्तानपुरी थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मी पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई को शिकायत मिली थी कि सुल्तानपुरी इलाके में तैनात एक पुलिसकर्मी किसी मामले में राहत दिलाने के बदले पैसे की मांग कर रहा है। शिकायत की पुष्टि के बाद सीबीआई की टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल को हिरासत में ले लिया गया, जबकि मौके पर मौजूद दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में उनकी क्या भूमिका रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि अन्य पुलिसकर्मी भी इसमें शामिल पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल गिरफ्तार किए गए पुलिसकर्मी से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम









