BJP MP के घर में चोरी, बाथरूम की टोंटी से गटर का ढक्कन तक ले गए चोर

शनिवार शाम बाराखंबा रोड थाना पुलिस को सरकारी आवास में चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिसर की जांच की।

नई दिल्ली: दिल्ली के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके फिरोजशाह रोड स्थित एक सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। यह आवास भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल को आवंटित है। घटना के समय घर खाली था, जिसके चलते फिलहाल चोरी गए सामान की पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम बाराखंबा रोड थाना पुलिस को सरकारी आवास में चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिसर की जांच की। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

बाथरूम से सामान गायब, बाहर का गटर कवर भी नहीं मिला

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर आवास के बाथरूम से टैबलेट और कुछ जरूरी सामान के साथ टोंटी भी निकाल ले गए। हैरानी की बात यह है कि घर के बाहर लगा गटर का ढक्कन भी गायब मिला है।

हालांकि, घर खाली होने के कारण अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसके अलावा और कौन-कौन सी चीजें चोरी हुई हैं। सांसद के परिवार के दिल्ली पहुंचने के बाद घर की विस्तृत जांच की जाएगी। इसके बाद ही चोरी गए सामान की पूरी सूची और उसकी कीमत का पता चल सकेगा।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संदिग्ध किस रास्ते से आवास परिसर में पहुंचे और वारदात के बाद किस दिशा में निकले।

जांच में यह भी देखा जा रहा है कि चोरी में कितने लोग शामिल थे और क्या वारदात से पहले आवास की रेकी की गई थी। टोंटी और गटर का ढक्कन ले जाने के पीछे क्या वजह थी, पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है।

पुलिस ने आवास के रखरखाव से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए सीपीडब्ल्यूडी से भी संपर्क किया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आवास में नियमित रूप से किन लोगों की आवाजाही रहती थी।

कौन हैं डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल?

डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल भाजपा के राज्यसभा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री हैं। पेशे से बाल रोग विशेषज्ञ रहे डॉ. अग्रवाल ने वर्ष 2002 में गोरखपुर नगर सीट से हिंदू महासभा के टिकट पर चुनाव लड़कर तत्कालीन भाजपा नेता शिव प्रताप शुक्ल को हराया था।

इसके बाद वह भाजपा में शामिल हुए और गोरखपुर नगर सीट से 2002, 2007, 2012 और 2017 में लगातार चार बार विधायक चुने गए। वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर नगर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने के दौरान उन्होंने अपनी सीट छोड़ दी थी।

इसके बाद जुलाई 2022 में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा। वर्तमान में वह पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री के साथ संगठन से जुड़ी जिम्मेदारियां भी संभाल रहे हैं।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!