फर्जी कागजात से लेता था फोन, ओएलएक्स पर फोन बेचकर करता था ठगी
आरोपी की पहचान जवाहर नगर बिल्हौर, (यूपी) निवासी अनुराग कटियार के रूप में हुई है। आरोपी पिछले दो साल में 40 से ज्यादा लोगों से ठगी कर चूका है

पुलिस ने फर्जी कागजात से कीमती मोबाइल फोन खरीदने के बाद आरोपी को ओएलएक्स के जरिए कम कीमत पर बेचकर ठगी करने वाले जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले दो साल से कई राज्यों में 50 लोगों से ठगी कर चुका है।
आरोपी की पहचान जवाहर नगर बिल्हौर, कानपुर (यूपी) निवासी अनुराग कटियार के रूप में हुई है। 19 जुलाई को गृह मंत्रालय के साइबर पोर्टल से साइबर सेल को एक शिकायत मिली थी। आदर्श नगर निवासी साकार अत्री ने बताया कि उसने ओएलएक्स पर कीमती मोबाइल का विज्ञापन देखा था। जिसे रियायती दाम पर बेचा जा रहा था और उसने विक्रेता से बात कर 29 मई को आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास 72 हजार रुपये में खरीद लिया।
विक्रेता ने खुद को यूपी पुलिस का सब इंस्पेक्टर बताया। 14 जुलाई को सैमसंग कंपनी ने उनके मोबाइल फोन को ब्लॉक कर दिया। जांच में पता चला कि लोन पर मोबाइल लिया गया था और उसकी किस्त नहीं चुकाई गई हैं। इसके बारे में आरोपी ने बताया नहीं था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और थाना प्रभारी विजेंद्र के नेतृत्व में आरोपी अनुराग को पकड़ने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी। छानबीन के दौरान पुलिस ने देखा कि आरोपी ने एक बार फिर ओएलएक्स पर फोन बेचने के लिए विज्ञापन दिया है।
पुलिस ने ग्राहक तैयार कर आरोपी से फोन खरीदने की बात करि और फिर बुधवार को फोन खरीदने के बहाने आरोपी को मॉडल टाउन इलाके में बुलाकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह फर्जी कागजात के जरिए लोन लेकर सैमसंग कंपनी के कीमती फोन खरीदता था और फिर बाद में ओएलएक्स पर सस्ते दाम पर बेचकर लोगों से ठगी करता था।
यह भी पढ़े: लोगों को गुमराह करने के आरोप में हाईकोर्ट ने लगाई बाबा रामदेव को फटकार










