Uttam Nagar Fire: उत्तम नगर में देर रात भीषण आग, झुग्गियां जलकर राख
बिंदापुर थाना क्षेत्र के मंसाराम पार्क इलाके की है। देर रात करीब 11:57 बजे आग लगने की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से मिली

Uttam Nagar Fire: राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मटियाला गांव के पास स्थित मछली मार्केट और उसके आसपास बनी झुग्गियों में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। तेज लपटें कई मीटर तक उठती दिखाई दीं और पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया।
पुलिस के अनुसार यह घटना बिंदापुर थाना क्षेत्र के मंसाराम पार्क इलाके की है। देर रात करीब 11:57 बजे आग लगने की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। आग तेजी से फैल रही थी, इसलिए आसपास की झुग्गियों को तुरंत खाली कराया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
दमकल विभाग को सूचना दिए जाने के बाद एक के बाद एक कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कुल मिलाकर करीब 28 दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद तड़के लगभग तीन बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि कई परिवारों की झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस आग में करीब 80 झुग्गियां प्रभावित हुई हैं। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपने सामान तक समेटने का मौका नहीं मिला। कई परिवारों को रात में ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर एक सप्ताह के भीतर आग लगने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 7 मार्च 2026 को भी इसी इलाके में आग लगी थी, जिसे आठ दमकल गाड़ियों की मदद से बुझाया गया था। उस समय भी कोई जनहानि नहीं हुई थी, लेकिन घटना के बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि इस इलाके में अवैध रूप से कचरा डंप किए जाने और उसमें आग लगाए जाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। प्रशासन ने पहले ही इस स्थान से मलबा और कचरा हटाने की योजना बनाई थी, लेकिन तकनीकी और संसाधनों से जुड़ी दिक्कतों के कारण यह काम शुरू नहीं हो पाया।
जिला प्रशासन का कहना है कि जल्द ही इस क्षेत्र से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें नगर निगम की मदद ली जाएगी। फिलहाल प्रशासन और पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम









