Uttam Nagar Violence: कूड़ा फेंकने के झगड़े ने ली युवक तरुण की जान?
पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक मामूली विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि 26 वर्षीय युवक तरुण की जान चली गई।

Uttam Nagar Violence: पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक मामूली विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि 26 वर्षीय युवक तरुण की जान चली गई। जेजे कॉलोनी, हस्तसाल में रहने वाले दो पड़ोसी परिवारों के बीच करीब 50 साल से जान-पहचान थी, लेकिन पार्किंग और कूड़ा फेंकने जैसे छोटे-छोटे विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गए कि होली के दिन यह मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करनी पड़ी।
पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन सगे भाई और एक पिता-पुत्र भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान उमरदीन (49), जुमादीन (36), कमरुद्दीन (36), मुजफ्फर (25), मुस्ताक (46) और ताहिर (18) के रूप में हुई है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के अनुसार, इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवार कई दशकों से एक-दूसरे के पड़ोसी थे और उनके बीच पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। इनमें मुख्य रूप से गाड़ी पार्क करने और कूड़ा फेंकने को लेकर अक्सर कहासुनी हो जाती थी।
पुलिस के मुताबिक चार मार्च की रात करीब 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को एक कॉल मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि उसी दिन दोपहर में एक 11 वर्षीय बच्ची द्वारा फेंके गए पानी के गुब्बारे के छींटे वहां से गुजर रही एक महिला पर पड़ गए थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
पहले से चल रहे विवाद के कारण यह बहस धीरे-धीरे बढ़ती चली गई और शाम तक दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शाम को झगड़ा शांत हो गया था, लेकिन रात करीब साढ़े दस बजे जब तरुण वहां पहुंचा तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि तरुण को बचाने आए अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई। इस झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ लोगों को छुट्टी दे दी गई।
हालांकि तरुण की हालत लगातार बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम









