Weather Alert: पहाड़ों पर बर्फ, मैदानों में बारिश; आज फिर आंधी-तूफान का खतरा

देश के कई हिस्सों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मैदानी इलाकों से लेकर हिमालयी क्षेत्रों.......

Weather Alert:  देश के कई हिस्सों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मैदानी इलाकों से लेकर हिमालयी क्षेत्रों तक लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। उत्तर प्रदेश में बारिश के दौरान मकान और दीवारें गिरने से रविवार को 32 लोगों की जान चली गई। पिछले दो दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 90 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। दिल्ली में भी पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और बारिश का असर देखने को मिला। शनिवार और रविवार की रात राजधानी में पिछले 18 वर्षों की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 6 सितंबर 2008 को यह 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बारिश के चलते दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ और AQI 50 से 100 के बीच रहा।

हिमाचल में बर्फबारी से कई रास्ते प्रभावित

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रोहतांग, किन्नौर और स्पीति की चोटियों पर बर्फ गिरने से कई मार्ग प्रभावित हुए। किन्नौर में नेशनल हाईवे-5 पर भी कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। उत्तराखंड में भी बर्फबारी के कारण चारधाम यात्रा लगातार दूसरे दिन प्रभावित रही। कई ऊंचाई वाले इलाकों में रास्तों पर मलबा और बर्फ जमा होने से आवाजाही रोकनी पड़ी।

आज भी बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। दिल्ली-NCR में भी आसमान में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान है।

गंगोत्री-यमुनोत्री की पहाड़ियों पर भारी बर्फ

उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की ऊंची पहाड़ियों के अलावा गोमुख ट्रैक और नेलांग-जादूंग घाटी में भारी बर्फबारी हुई है। कुछ इलाकों में एक से चार फीट तक बर्फ जमा होने की जानकारी है। बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे पर धरासू और यमुनोत्री हाईवे पर चामी व बर्नीगाड के पास मलबा आने से रास्ते बंद हो गए। खराब मौसम को देखते हुए दोनों धामों की यात्रा पर दूसरे दिन भी अस्थायी रोक जारी रही।

कैलाश यात्रा पर गए नौ श्रद्धालुओं का रेस्क्यू

हिमाचल के रोहतांग दर्रे के अलावा कुल्लू, किन्नौर और स्पीति की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई। इसी दौरान किन्नौर कैलाश यात्रा पर गए राजस्थान और गुजरात के नौ श्रद्धालु खराब मौसम के बीच फंस गए थे। प्रशासन ने अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

उत्तरकाशी में 136 पर्वतारोही फंसे

लगातार बर्फबारी के कारण गंगोत्री ग्लेशियर क्षेत्र की ऊंची चोटियों और हिमालयी दर्रों पर ट्रैकिंग के लिए गए 136 पर्वतारोही अलग-अलग स्थानों पर फंस गए हैं। प्रशासन के मुताबिक सभी सुरक्षित हैं और उन्हें निकालने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

नेपाल में 49 जिलों पर बाढ़-भूस्खलन का खतरा

नेपाल में लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम प्रबंधन प्राधिकरण ने देश के 77 में से 49 जिलों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। नेपाल में बढ़ते जलस्तर का असर उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों पर भी दिखाई दे रहा है। सिद्धार्थनगर में बूढ़ी राप्ती नदी खतरे के निशान से 91 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी, जबकि बानगंगा नदी भी खतरे के स्तर से ऊपर दर्ज की गई।

नेपाल में हिमस्खलन, दो लोगों की मौत

नेपाल के मनांग इलाके में 7,126 मीटर ऊंचे हिमलुंग हिमाल के बेस कैंप में हिमस्खलन की घटना सामने आई। हादसे में दो लोगों की मौत की जानकारी है, जबकि 10 लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं। लगातार खराब मौसम के कारण राहत और तलाश अभियान प्रभावित होने की आशंका है। फिलहाल मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!