Janakpuri Accident Update: गड्ढे में गिरकर मौत मामले में ठेकेदार गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार यह घटना जनकपुरी के जोगिंदर सिंह मार्ग पर हुई थी, जहां दिल्ली जल बोर्ड के निर्माण कार्य के लिए सड़क पर गड्ढा खोदा गया था।

Janakpuri Accident Update: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सड़क पर खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरकर एक बाइक सवार की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी हिमांशु गुप्ता को राजस्थान के उदयपुर से पकड़ लिया है और उसे दिल्ली लाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार यह घटना जनकपुरी के जोगिंदर सिंह मार्ग पर हुई थी, जहां दिल्ली जल बोर्ड के निर्माण कार्य के लिए सड़क पर गड्ढा खोदा गया था। इसी गड्ढे में बाइक सवार कमल ध्यानी गिर गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि इस मामले में आरोपी की तलाश के लिए जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा की टीम लगातार काम कर रही थी। निरीक्षक मुकेश मीणा के नेतृत्व में पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य ठेकेदार हिमांशु गुप्ता उदयपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने मंगलवार तड़के उदयपुर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हादसे के समय कमल ध्यानी गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे और काफी देर तक वहीं पड़े रहे। आरोप है कि मौके पर मौजूद मजदूर योगेश और उप-ठेकेदार राजेश प्रजापति को घटना की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने घायल व्यक्ति की मदद करने के बजाय मामले को छिपाने और सबूत मिटाने की कोशिश की।
इस आधार पर पुलिस पहले ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम









