Exam Update: डेटशीट जारी थी, फिर भी नहीं पहुंचा तीसरी कक्षा का पेपर
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शुक्रवार से अर्धवार्षिक परीक्षाओं की शुरुआत हुई, लेकिन रेवाड़ी में परीक्षा के पहले दिन ही व्यवस्था पर सवाल.....

Exam Update: हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शुक्रवार से अर्धवार्षिक परीक्षाओं की शुरुआत हुई, लेकिन रेवाड़ी में परीक्षा के पहले दिन ही व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों के पेपर निर्धारित समय पर स्कूलों तक नहीं पहुंच सके। इसके चलते क्लस्टर स्कूलों में पेपर लेने पहुंचे शिक्षक काफी देर तक परेशान रहे। विभाग की ओर से कक्षा 3 से 12वीं तक की परीक्षाओं की डेटशीट पहले ही जारी कर दी गई थी। इसके बावजूद तीसरी कक्षा के प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं कराए गए। क्लस्टर स्कूल पहुंचे शिक्षकों को सिर्फ चौथी और पांचवीं कक्षा के पेपर मिले, जबकि तीसरी कक्षा का पेपर वहां मौजूद नहीं था।
अधिकारियों से भी नहीं मिला स्पष्ट जवाब
पेपर नहीं मिलने पर शिक्षकों ने स्थानीय अधिकारियों से संपर्क किया। शिक्षकों का कहना है कि उन्हें भी इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। अधिकारियों की ओर से बताया गया कि जो प्रश्नपत्र प्राप्त हुए थे, उन्हें स्कूलों तक भेज दिया गया है। शिक्षकों ने इस स्थिति के लिए विभागीय स्तर पर समन्वय की कमी को जिम्मेदार बताया। उनका कहना है कि परीक्षा की डेटशीट और प्रश्नपत्र तैयार करने वाली एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल होता तो इस तरह की स्थिति पैदा नहीं होती।
बोर्ड और एससीईआरटी के बीच तालमेल पर उठे सवाल
अर्धवार्षिक परीक्षाओं की डेटशीट हरियाणा बोर्ड की ओर से जारी की जाती है, जबकि प्रश्नपत्र तैयार करने और भेजने की जिम्मेदारी एससीईआरटी की बताई गई है। तीसरी कक्षा के पेपर समय पर नहीं पहुंचने की घटना ने दोनों स्तरों के बीच समन्वय को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, बाद में तीसरी कक्षा के प्रश्नपत्र भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी सामने आई।
पहले दिन इन विषयों की थी परीक्षा
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को तीसरी कक्षा में अंग्रेजी, चौथी में ईवीएस और पांचवीं में अंग्रेजी की परीक्षा निर्धारित थी। वहीं छठी कक्षा में सामाजिक विज्ञान, सातवीं में हिंदी और आठवीं में विज्ञान का पेपर था। इसके अलावा नौवीं में सामाजिक विज्ञान, 10वीं में विज्ञान, 11वीं में फाइन आर्ट्स, संगीत और मनोविज्ञान तथा 12वीं कक्षा में कंप्यूटर साइंस और भूगोल की परीक्षा होनी थी। तीसरी कक्षा के प्रश्नपत्र समय पर उपलब्ध नहीं होने से पहले ही दिन शिक्षकों के सामने परीक्षा संचालन को लेकर मुश्किल खड़ी हो गई।









