NEET 2026 : ऑटो चालक के बेटे की मेहनत रंग लाई, 627 अंक से KGMU में MBBS सीट
जौनपुर कहते हैं कि मेहनत और हौसले के आगे मुश्किलें भी छोटी पड़ जाती हैं। जौनपुर जिले के देवकीपुर गांव के रहने वाले प्रभात कुमार यादव ने.....

NEET 2026 : जौनपुर कहते हैं कि मेहनत और हौसले के आगे मुश्किलें भी छोटी पड़ जाती हैं। जौनपुर जिले के देवकीपुर गांव के रहने वाले प्रभात कुमार यादव ने अपनी मेहनत और लगन से इस बात को साबित कर दिया है। ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले पिता के बेटे प्रभात ने NEET UG 2026 में 627 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 3,864 प्राप्त की है। इसके बाद उन्हें लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में MBBS की सीट आवंटित हुई है।
पहली कोशिश में मिले 504 अंक, दूसरी बार बदली तस्वीर
प्रभात कुमार यादव के लिए यह सफलता आसान नहीं थी। उन्होंने इससे पहले भी NEET की परीक्षा दी थी, लेकिन पहली कोशिश में उन्हें 504 अंक मिले थे। इसके बाद उन्होंने हार मानने के बजाय एक और साल तैयारी करने का फैसला किया। दूसरे प्रयास में उन्होंने अपनी कमियों पर काम किया और लगातार मेहनत करते हुए NEET UG 2026 में अपने स्कोर को बढ़ाकर 627 अंक तक पहुंचा दिया। उनकी इस मेहनत का नतीजा ऑल इंडिया रैंक 3,864 के रूप में सामने आया और अब उनका डॉक्टर बनने का सपना साकार होने की दिशा में आगे बढ़ चुका है।
10वीं और 12वीं में भी रहा अच्छा प्रदर्शन
प्रभात पढ़ाई में शुरू से ही अच्छे रहे हैं। उन्होंने कक्षा 10वीं में 89.44 प्रतिशत और कक्षा 12वीं में 83.44 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।NEET की तैयारी उन्होंने शुरुआत में अपने गांव से ही शुरू की। इसके बाद बेहतर तैयारी के लिए वह कोटा गए, जहां उन्होंने क्लासरूम कोचिंग लेकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी की।
कोचिंग फीस में मिली छूट, परिवार के सामने फिर भी थी चुनौती
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रभात को ALLEN Career Institute की ओर से 50 प्रतिशत फीस में छूट मिली थी। हालांकि, बाकी फीस की व्यवस्था करना परिवार के लिए आसान नहीं था। प्रभात के इस सफर में उनके मामा दयाराम यादव ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया। उन्होंने प्रभात की पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक मदद की, जिससे वह अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर सके।
करीब 20 साल से मुंबई में ऑटो चला रहे हैं पिता
प्रभात के पिता महेंद्र कुमार यादव पिछले करीब 20 वर्षों से मुंबई में ऑटो-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च उठा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह मुंबई में एक छोटी सी चाल में रहते थे और अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा परिवार को भेजते थे। वहीं प्रभात अपनी मां बंसराजी, दादा इंद्र बहादुर यादव और भाई-बहनों के साथ जौनपुर के देवकीपुर गांव में रहते थे। पिता की मेहनत से हुई कमाई से परिवार की जरूरतें पूरी हुईं और बच्चों की पढ़ाई भी जारी रही।
मेहनत और दूसरे मौके की मिसाल बनी प्रभात की कहानी
प्रभात की कहानी उन छात्रों के लिए प्रेरणा है जो किसी परीक्षा में पहली कोशिश में मनचाहा परिणाम हासिल नहीं कर पाते। 504 अंकों से 627 अंकों तक का सफर बताता है कि असफलता के बाद दोबारा प्रयास, सही तैयारी और लगातार मेहनत से परिणाम बदला जा सकता है।अब जौनपुर के देवकीपुर गांव का यह छात्र KGMU में MBBS की पढ़ाई करेगा और डॉक्टर बनने के अपने सपने को आगे बढ़ाएगा।









