सालों बाद टीवी पर अक्षय कुमार की वापसी, ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ के बनेंगे होस्ट

सोनी टीवी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ‘दुनिया के सबसे बड़े टेलीविजन गेम शो ने भारत को नमस्ते कहा है।

फिल्मों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने वाले ‘खिलाड़ी कुमार’ अक्षय कुमार एक बार फिर छोटे पर्दे पर लौटने के लिए तैयार हैं। करीब 14 साल के लंबे अंतराल के बाद अक्षय टीवी पर नजर आएंगे और इस बार वह दुनिया के सबसे चर्चित गेम शोज़ में से एक ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ को होस्ट करते दिखाई देंगे। यह शो भारत में सोनी टीवी और सोनी लिव पर प्रसारित किया जाएगा।

अमेरिका का लोकप्रिय टेलीविजन गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ अब भारतीय दर्शकों के लिए पेश किया जा रहा है। यह शो अब तक आठ बार एमी अवॉर्ड जीत चुका है और दुनियाभर में इसकी बड़ी फैन फॉलोइंग रही है। सोनी टीवी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ‘दुनिया के सबसे बड़े टेलीविजन गेम शो ने भारत को नमस्ते कहा है।’ साथ ही यह भी साफ किया गया कि शो को अक्षय कुमार होस्ट करेंगे। फिलहाल शो की लॉन्च डेट और कंटेस्टेंट्स को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

अक्षय कुमार ने जताया उत्साह

इस शो से जुड़ने को लेकर अक्षय कुमार ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ दुनियाभर में करोड़ों लोगों का पसंदीदा गेम शो रहा है और इसके भारतीय संस्करण का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास है। अक्षय ने कहा कि इस शो की लोकप्रियता, पीढ़ियों से चले आ रहे फॉर्मेट और पहेलियों को सुलझाने का रोमांच इसे अलग पहचान देता है। उन्हें भरोसा है कि भारतीय दर्शक भी इसे पसंद करेंगे और सोनी टीवी व सोनी लिव के जरिए यह शो हर वर्ग के दर्शकों तक पहुंचेगा।

टीवी से पुराना नाता रहा है अक्षय का

अक्षय कुमार इससे पहले ‘खतरों के खिलाड़ी’ के पहले, दूसरे और चौथे सीजन को होस्ट कर चुके हैं। इसका चौथा सीजन साल 2011 में प्रसारित हुआ था। इसके अलावा उन्होंने एक कॉमेडी शो भी किया था, हालांकि वह ज्यादा समय तक नहीं चल पाया। हाल ही में अक्षय करण जौहर के साथ रियलिटी शो ‘पिच टू गेट रिच’ में भी नजर आए थे। अब ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ के साथ वह एक बार फिर टीवी पर बड़ी वापसी करने जा रहे हैं।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!