Anupama Fire Incident: ‘सेट जलाना बना धंधा’, ‘अनुपमा’ सेट कांड पर भड़के यूनियन प्रेसिडेंट
टीवी शो 'अनुपमा' के सेट पर आज (23 जून) को तड़के भीषण आग लग गई। हादसा में गोरेगांव में फिल्म सिटी में 5 बजे हुआ। आग इतनी भीषण

टीवी शो ‘अनुपमा’ के सेट पर आज (23 जून) को तड़के भीषण आग लग गई। हादसा में गोरेगांव में फिल्म सिटी में 5 बजे हुआ। आग इतनी भीषण थी कि 5 दमकल गाड़ियां वहां पर गयी और काफी घंटे में काबू पाया गया। हालांकि, किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है, पर सेट को भारी नुकसान हुआ है। अब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने इस हादसे को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका मानना है कि ये यह सब इंश्योरेंस क्लेम के लिए होता है।
‘ऐसी घटनाएं एक्सीडेंट कम, प्लान ज्यादा लगती हैं
बातचीत में बीएन तिवारी ने बताया, ‘हर बार सेट जलता है और फिर इंश्योरेंस क्लेम होता है। यह एक अब आम बात हो गई है। ऐसे एक्सीडेंट कम, प्लान अधिक लगते हैं। फिल्म सिटी में कोई फायर सेफ्टी ऑडिट नहीं होता। सिलिंडर तो रख देते हैं, पर कोई नहीं देखता कि उनकी एक्सपायरी डेट क्या है। आग बुझाने के इंतजाम सिर्फ दिखावे के लिए होते हैं।’
यूनियन अब इस मामले में एक्शन लेने जा रही है’
बीएन तिवारी ने इस मामले पर बताया कि ऐसा कहा जा रहा है कि आग साउथ साइड से लगी, पर असल में अभी तक सच्चाई किसी को पता नहीं है। कोई रिपोर्ट साफ नहीं है। हम इस पर चुप नहीं रह सकते। बड़े प्रोड्यूसरों तथा फिल्ममेकर्स पर सीधा आरोप लगाते हुए उन्होंने बताया, ‘सच्चाई ये है कि संजय लीला भंसाली जैसे डायरेक्टर ने भी इंश्योरेंस क्लेम के लिए सेट पर आग लगवाई है। असल में अब ये बंद होना चाहिए। वरना हर सेट एक दिन बीमा का बहाना बन जाएगा। यूनियन अब इस मामले में सीधा एक्शन लेने जा रही है।’
सुबह पांच बजे आग लगी, इसलिए सेट पर कोई नहीं था’
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के अध्यक्ष ने आगे कहा कि हम फिल्म सिटी के एमडी और हेल्थ एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट से मीटिंग कर रहे हैं। अशोक दुबे और यूनियन की टीम आज ही मिल रही है। इस बार ये मामला दबेगा नहीं। हादसे के वक्त सेट पर कोई कलाकार या क्रू मौजूद नहीं था, सिर्फ सुरक्षा गार्ड थे। इस पर उन्होंने कहा कि सुबह 5 बजे आग लगी, इसलिए कोई वहां नहीं था। वरना बहुत बड़ा नुकसान हो सकता था। कब तक भगवान भरोसे चलेंगे हम?
‘इस बार हम चुप नहीं बैठेंगे, कोर्ट तक जा सकता है मामला’
आखिर में बीएन तिवारी ने कहा, ‘यदि सेट जलाकर इंश्योरेंस क्लेम लेने का धंधा चल रहा है, तो यूनियन इस बार यह सब बख्शेगी नहीं। इस बार मामला कोर्ट तक भी जा सकता है। हम इन प्रोड्यूसर्स पर सख्त कारवाई करने के लिए तैयार है। इस बार चुप नहीं बैठेंगे। ये सिर्फ सेट नहीं जला है, इंडस्ट्री की लापरवाही की परतें भी खुली हैं। अगर अब भी आंखें मूंद ली गईं, तो अगली आग शायद किसी की जान ले लेगी। हम बख्शेंगे नहीं।’
बच गया पास में ही लगा ‘डोरी’ का सेट
‘अनुपमा’ के दो सेट हैं। एक फिल्म सिटी ऑफिस के पास और दूसरा ‘बिग बॉस’ के सेट के सामने। आग फिल्म सिटी ऑफिस के पास वाले सेट पर लगी। पास ही अमर उपाध्याय के शो ‘डोरी’ का सेट भी था, जो बच गया। हमने इस बारे में प्रोड्यूसर राजन शाही और उनकी टीम से बात करने की कोशिश की, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया।









