एपी ढिल्लों ने तारा सुतारिया को किया किस, बॉयफ्रेंड का रिएक्शन हुआ वायरल
काले रंग की ड्रेस में सजी तारा जब मंच पर पहुंचीं, तो दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। मंच पर एपी ढिल्लों ने तारा को गले लगाया..

मुंबई में बीती रात पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों का भव्य कॉन्सर्ट आयोजित किया गया, जिसमें फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े नाम शामिल हुए। इस इवेंट में संजय दत्त, मुनव्वर फारूकी, मनारा चोपड़ा समेत कई सितारे मौजूद थे। इसी बीच अभिनेत्री तारा सुतारिया भी अपने बॉयफ्रेंड और अभिनेता वीर पहाड़िया के साथ कॉन्सर्ट में नजर आईं। लेकिन कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा पल आया, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया।
कॉन्सर्ट के दौरान एपी ढिल्लों ने तारा सुतारिया को स्टेज पर आमंत्रित किया। काले रंग की ड्रेस में सजी तारा जब मंच पर पहुंचीं, तो दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। मंच पर एपी ढिल्लों ने तारा को गले लगाया और उनके गाल पर किस किया। इसके बाद दोनों ने साथ में डांस भी किया। यह पूरा नज़ारा कैमरों में कैद हो गया और कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीर पहाड़िया का रिएक्शन बना चर्चा का विषय
जहां एक ओर स्टेज पर एपी ढिल्लों और तारा सुतारिया मस्ती करते नजर आए, वहीं नीचे मौजूद वीर पहाड़िया का रिएक्शन लोगों की नजरों से नहीं बच पाया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तारा के स्टेज पर जाते समय वीर उन्हें ध्यान से देखते हैं। जैसे ही एपी ढिल्लों तारा को किस करते हैं, वीर के चेहरे के हाव-भाव बदलते नजर आते हैं। हालांकि वीडियो में वीर पहाड़िया गानों पर लिप-सिंक करते और कॉन्सर्ट को एंजॉय करते भी दिखते हैं, लेकिन उनके चेहरे पर झलक रही असहजता सोशल मीडिया यूजर्स को साफ नजर आई। यही वजह है कि उनका रिएक्शन अब खुद एक अलग चर्चा का विषय बन गया है।
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों का मानना है कि वीर पहाड़िया इस पूरे वाकये से असहज हो गए थे। एक यूजर ने लिखा, “वीर के चेहरे पर खुशी से ज्यादा टेंशन दिख रही है।” वहीं दूसरे ने कहा, “चेहरा बता रहा है कि मामला आसान नहीं था।” कुछ यूजर्स ने वीर के लिए सहानुभूति जताते हुए उन्हें ‘बेचारा’ तक कह दिया। वहीं कुछ लोगों ने तारा और वीर के रिश्ते को लेकर भी कयास लगाने शुरू कर दिए। सोशल मीडिया पर यह बहस भी देखने को मिली कि क्या तारा का यह व्यवहार सीमा से बाहर था या यह सिर्फ एक स्टेज मोमेंट था।
इसके अलावा कुछ यूजर्स ने इस पूरे सीन को मजाकिया अंदाज में लिया और इसे तारा की फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2’ से जोड़ते हुए मीम्स भी शेयर किए। गौरतलब है कि तारा सुतारिया और वीर पहाड़िया को बी-टाउन के चर्चित कपल्स में गिना जाता है। दोनों ने इस साल अगस्त में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद से दोनों को कई इवेंट्स और पार्टियों में साथ देखा गया है।
हालांकि इस कॉन्सर्ट के वायरल वीडियो के बाद एक बार फिर दोनों का रिश्ता सुर्खियों में आ गया है। फिलहाल इस मामले पर न तो तारा और न ही वीर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह वीडियो लगातार चर्चा में बना हुआ है।









