नेहा कक्कड़ के ‘कैंडी शॉप’ गाने पर भड़के नेटिजेंस, ढिंचैक पूजा से की तुलना
टोनी कक्कड़ और नेहा कक्कड़ की जोड़ी एक बार फिर ‘कैंडी शॉप’ के साथ सामने आई, लेकिन गाना रिलीज होते ही आलोचनाओं की बाढ़ आ गई।

सिंगर नेहा कक्कड़ का नया गाना ‘कैंडी शॉप’ रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है। गाने के नाम ने पहले ही लोगों का ध्यान खींच लिया था, लेकिन सामने आते ही यह ट्रोलिंग का शिकार हो गया। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में यूजर्स ने गाने के बोल और नेहा कक्कड़ के डांस को लेकर नाराजगी जताई है। किसी ने लिरिक्स पर सवाल उठाए तो किसी ने इसे जरूरत से ज्यादा बोल्ड करार दिया। कई यूजर्स का कहना है कि इस बार नेहा कक्कड़ ने हद पार कर दी है।
टोनी कक्कड़ और नेहा कक्कड़ की जोड़ी एक बार फिर ‘कैंडी शॉप’ के साथ सामने आई, लेकिन गाना रिलीज होते ही आलोचनाओं की बाढ़ आ गई। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने गाने को अश्लील बताते हुए नेहा कक्कड़ के डांस स्टेप्स पर भी सवाल खड़े किए। कुछ लोगों ने लिरिक्स को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी, जबकि कई ने इसे सिर्फ पब्लिसिटी पाने का तरीका बताया। एक यूजर ने लिखा कि यह सब सिर्फ चर्चा में बने रहने के लिए किया गया है। वहीं एक अन्य ने कहा कि नेहा कक्कड़ का करियर अब ढलान की ओर जा रहा है।
कुछ यूजर्स ने पुराने गानों को याद करते हुए लिखा कि बचपन में लोग कहा करते थे कि पहले के गाने बेहतर होते थे और अब उन्हें यह बात सच लगने लगी है। एक यूजर ने गाने को हटाने की मांग तक कर दी। वहीं किसी ने तंज कसते हुए लिखा कि अब तो भगवान भी हाथ जोड़कर कह रहे होंगे— रुक जाओ। कई लोगों ने हैरानी जताते हुए पूछा कि आखिर यह कैसा गाना है।
नेहा कक्कड़ की आलोचना करते हुए एक यूजर ने उन्हें भारतीय संगीत के लिए नुकसानदेह बताया। वहीं कुछ ने गाने के बोल और डांस को आपत्तिजनक करार दिया। कई यूजर्स ने नेहा कक्कड़ की तुलना ढिंचैक पूजा से करते हुए कहा कि वह उस राह पर तेजी से बढ़ रही हैं। कुछ ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि गाना सुनने से बेहतर है कुछ और कर लिया जाए। किसी ने मजाक में कहा कि इस गाने को सुनने के बाद इलाज की जरूरत महसूस हो रही है, तो किसी ने तंज कसते हुए लिखा कि शायद नेहा कक्कड़ पर किसी ने जादू-टोना करा दिया है।
‘कैंडी शॉप’ गाने को नेहा कक्कड़ ने अपने भाई टोनी कक्कड़ के साथ मिलकर गाया है। इस गाने के बोल भी टोनी कक्कड़ ने ही लिखे हैं और संगीत भी उन्होंने ही तैयार किया है। इससे पहले भी नेहा और टोनी के कई गाने जैसे ‘कोका कोला तू’, ‘कांटा लगा उई मां’ और ‘गोवा वाले बीच’ सोशल मीडिया पर ट्रोल हो चुके हैं। इन गानों के शब्दों और प्रस्तुति को लेकर भी उस समय काफी विवाद हुआ था।









