Ramayana Casting: रणबीर के राम बनने से खुश नहीं शिव सागर
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ की कास्टिंग को लेकर चर्चा लगातार बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर को भगवान राम की.........

Ramayana Casting: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ की कास्टिंग को लेकर चर्चा लगातार बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर को भगवान राम की भूमिका में चुना गया है, जबकि यश रावण और साई पल्लवी सीता के किरदार में नजर आएंगी। अब रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने फिल्म की कास्टिंग को लेकर अपनी राय सामने रखी है। शिव सागर ने रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में कास्ट किए जाने पर असहमति जताई है। हालांकि, उन्होंने रणबीर की अभिनय क्षमता की तारीफ भी की। उनका कहना है कि रणबीर एक बेहतरीन अभिनेता हैं, लेकिन भगवान राम जैसे किरदार के लिए किसी नए चेहरे को मौका दिया जाता तो उन्हें ज्यादा बेहतर लगता।
रणबीर को राम के रूप में स्वीकार करना मुश्किल
शिव सागर के मुताबिक, उन्होंने रणबीर को अलग-अलग तरह के किरदारों में देखा है और बतौर अभिनेता उनके काम में कोई कमी नहीं है। लेकिन उनके लिए रणबीर को भगवान राम की भूमिका में देखना सहज नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि संभव है कि रणबीर को फिल्म में लेने के पीछे मार्केटिंग एक बड़ी वजह रही हो। उनके मुताबिक, एक बड़े स्टार की मौजूदगी से फिल्म को प्रचार और दर्शकों के बीच पहुंच बनाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, व्यक्तिगत पसंद की बात करते हुए शिव सागर ने कहा कि वह रणबीर को राम के रूप में स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। खासतौर पर फिल्म ‘एनिमल’ में अभिनेता के निभाए गए हिंसक किरदार को देखने के बाद उनकी यह धारणा और मजबूत हुई है।
नए चेहरे को लेकर क्या बोले शिव सागर?
शिव सागर का मानना है कि भगवान राम जैसे प्रतिष्ठित किरदार के लिए किसी ऐसे अभिनेता को चुना जाना चाहिए, जिसे दर्शकों ने पहले किसी अलग छवि में ज्यादा न देखा हो। उन्होंने अपनी बात समझाते हुए कहा कि नए चेहरे के साथ दर्शकों के मन में किसी पुराने किरदार की छवि नहीं होती। इससे अभिनेता को उस पौराणिक भूमिका के साथ नई पहचान बनाने का मौका मिलता है।
यश और साई पल्लवी की कास्टिंग पसंद आई
रणबीर की कास्टिंग पर आपत्ति जताने के बावजूद शिव सागर ने फिल्म की बाकी स्टारकास्ट को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने यश के रावण और साई पल्लवी के सीता के रूप में चयन की तारीफ की। उनका कहना है कि इन कलाकारों के साथ दर्शकों के मन में किसी पुराने किरदार की मजबूत छवि नहीं जुड़ी हुई है। इसी वजह से उन्हें लगता है कि ऐसे कलाकार पौराणिक भूमिकाओं में नई पहचान बना सकते हैं। शिव सागर ने यह भी कहा कि आखिरकार किसी फिल्म या किरदार को लेकर अंतिम फैसला दर्शक ही करते हैं। अगर दर्शक रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में स्वीकार कर लेते हैं, तो फिर उनकी व्यक्तिगत राय का महत्व नहीं रह जाएगा।
दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ का निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 के दौरान सिनेमाघरों में आने की उम्मीद है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।
-1788847247280_v.webp)

-1788847446799.webp)









