Tiger Shroff Case: टाइगर नहीं थे पहला निशाना? पुलिस जांच में बड़ा खुलासा
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। बुधवार को गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को...

पुलिस ने अदालत को बताया कि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार अभी बरामद नहीं हुए हैं। आरोप है कि आरोपियों ने घटना के दौरान इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिए। पुलिस का कहना है कि मामले की साजिश, पैसों के लेन-देन और मोबाइल फोन को नष्ट करने से जुड़े पहलुओं की जांच अभी बाकी है। इसी आधार पर आरोपियों की पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग की गई।
पुलिस ने बताया आरोपियों को आदतन अपराधी
अभियोजन पक्ष ने अदालत में मामले को गंभीर बताते हुए दावा किया कि आरोपी आदतन अपराधी हैं। पुलिस के अनुसार, फायरिंग के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाना और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट करना जरूरी है। इसी वजह से आरोपियों से हिरासत में रखकर पूछताछ करने की आवश्यकता बताई गई।
अदालत में पेश किए गए तीन आरोपियों की पहचान रेहान अंसारी, फूलसिंह और ऋतिक महतू उर्फ रोशन के रूप में हुई है। सुनवाई के दौरान तीनों आरोपी कम उम्र के दिखाई दिए। रेहान अंसारी विशेष रूप से काफी युवा नजर आया।
31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजे गए तीनों आरोपी
आरोपी रेहान अंसारी की ओर से पेश वकील अजिंक्य मिरगल ने पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग का विरोध किया। उन्होंने दलील दी कि पुलिस आरोपियों को पहले ही कोटा से ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ला चुकी है और इस मामले में अन्य गिरफ्तारियां भी हो गई हैं।
बचाव पक्ष ने सवाल उठाया कि अब आरोपियों को और समय तक पुलिस हिरासत में रखने की जरूरत क्यों है। वकील ने अदालत से अनुरोध किया कि तीनों को पुलिस हिरासत के बजाय मजिस्ट्रेट की हिरासत में भेजा जाए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपियों को 31 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में रखने का आदेश दिया।
टाइगर श्रॉफ पहली पसंद नहीं थे?
मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच के मुताबिक, कथित शूटरों की शुरुआती योजना बॉलीवुड की किसी दूसरी बड़ी हस्ती को निशाना बनाने की थी। हालांकि, उस व्यक्ति की सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त होने के कारण आरोपियों ने कथित तौर पर अपना इरादा बदल लिया और टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया। पुलिस ने फिलहाल उस दूसरी हस्ती का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
जुहू में अभिनेता की कार पर हुई थी फायरिंग
यह घटना रविवार शाम करीब सात बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलीबारी की गई। घटना में अभिनेता को कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर को चोटें पहुंचीं।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांचकर्ताओं का जोर हथियारों की बरामदगी, नष्ट किए गए मोबाइल फोन, कथित साजिश के वित्तीय पहलुओं और इस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने पर है।









