Baby Teeth Care: बच्चों के दांतों की सही देखभाल कब और कैसे करें?
हर बार दूध पिलाने के बाद एक साफ और हल्के गीले सूती या मलमल के कपड़े से मसूड़ों को धीरे-धीरे पोंछना चाहिए। इससे बैक्टीरिया पनपने की...

Baby Teeth Care: आमतौर पर शिशुओं में दांत निकलने की प्रक्रिया 6 महीने की उम्र के आसपास शुरू हो जाती है। इस समय माता-पिता के मन में सबसे बड़ा सवाल होता है कि बच्चे के दांतों की सफाई कब से और कैसे शुरू की जाए। कई अभिभावक यह सोचकर लापरवाही बरतते हैं कि ये दांत तो अस्थायी हैं और कुछ समय बाद अपने-आप गिर जाएंगे, इसलिए इनकी ज्यादा देखभाल जरूरी नहीं है। लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार यह धारणा पूरी तरह गलत है।
डेंटल सर्जन डॉ. मेघा सिंह (BDS, MDS), प्रकाश हॉस्पिटल के अनुसार जैसे ही बच्चे का पहला दांत मसूड़े से बाहर दिखाई दे, उसी समय से उसकी सफाई शुरू कर देनी चाहिए। शुरुआती देखभाल न सिर्फ दांतों को स्वस्थ रखती है, बल्कि भविष्य में होने वाली गंभीर दंत समस्याओं से भी बचाव करती है।
दांत आने से पहले भी जरूरी है सफाई
विशेषज्ञों का कहना है कि दांत निकलने से पहले भी बच्चे के मसूड़ों की सफाई बेहद जरूरी होती है। हर बार दूध पिलाने के बाद एक साफ और हल्के गीले सूती या मलमल के कपड़े से मसूड़ों को धीरे-धीरे पोंछना चाहिए। इससे बैक्टीरिया पनपने की संभावना कम होती है और दांत निकलने की प्रक्रिया भी आरामदायक रहती है।
ब्रश कब और कैसा होना चाहिए
जैसे ही पहला दांत दिखाई दे, बच्चे के लिए विशेष रूप से बनाया गया छोटा और सॉफ्ट ब्रिसल वाला ब्रश इस्तेमाल करना चाहिए। शुरुआती दिनों में फिंगर ब्रश भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है। तीन साल से कम उम्र के बच्चों के लिए फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट की मात्रा चावल के एक दाने जितनी ही रखनी चाहिए। अधिक मात्रा में टूथपेस्ट का इस्तेमाल नुकसानदेह हो सकता है।
बच्चों में बढ़ती दंत समस्याओं की वजह
आज के समय में बहुत कम उम्र में ही बच्चों को दांतों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दांतों में कीड़ा लगना, दर्द, सूजन और समय से पहले दांत गिर जाना अब आम होता जा रहा है। डॉ. मेघा सिंह के अनुसार इसका मुख्य कारण बच्चों की बदलती जीवनशैली, अधिक मीठा और पैकेज्ड खाद्य पदार्थों का सेवन और दांतों की देखभाल को लेकर जागरूकता की कमी है।
आधुनिक तकनीक और सही आदतें
आज दंत चिकित्सा के क्षेत्र में कई आधुनिक तकनीकें उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से बच्चों के दांतों को सुरक्षित रखा जा सकता है। फ्लोराइड टूथपेस्ट, पिट और फिशर सीलेंट के साथ-साथ अब बच्चों के लिए इलेक्ट्रिक टूथब्रश भी लोकप्रिय हो रहे हैं। ये न सिर्फ सही समय तक ब्रश करने के लिए प्रेरित करते हैं, बल्कि सफाई को भी अधिक प्रभावी बनाते हैं।
खानपान का भी है बड़ा रोल
दांतों की सेहत सिर्फ ब्रश करने तक सीमित नहीं है। बार-बार मीठा, चिपचिपे खाद्य पदार्थ और पैकेज्ड जूस बच्चों के दांतों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं। इसके बजाय फल, दूध, पनीर, अंडा और घर का बना संतुलित भोजन दांतों को मजबूत बनाने में मदद करता है।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि बच्चे का पहला दंत परीक्षण एक साल की उम्र में ही करा लेना चाहिए। इससे दांतों की सही वृद्धि पर नजर रखी जा सकती है और भविष्य में होने वाली गंभीर समस्याओं से बचाव संभव होता है। कुल मिलाकर, माता-पिता की थोड़ी-सी सावधानी बच्चों को जीवनभर स्वस्थ दांतों का तोहफा दे सकती है।
यह भी पढ़ें: Tax Free Income: 1500 रुपये से लाखों तक, Budget 2026 में क्या बदला









