Diabetes Awareness: शरीर नहीं देता संकेत, फिर भी बढ़ती है ब्लड शुगर
डायबिटीज को अक्सर ‘साइलेंट किलर’ कहा जाता है, क्योंकि कई मामलों में यह बिना किसी स्पष्ट लक्षण के लंबे समय तक शरीर में पनपती रहती है।

Diabetes Awareness: डायबिटीज को अक्सर ‘साइलेंट किलर’ कहा जाता है, क्योंकि कई मामलों में यह बिना किसी स्पष्ट लक्षण के लंबे समय तक शरीर में पनपती रहती है। व्यक्ति को यह अहसास तक नहीं होता कि उसका ब्लड शुगर स्तर सामान्य से अधिक है, और इसी बीच बीमारी गंभीर रूप ले लेती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, डायबिटीज की शुरुआत आमतौर पर प्रीडायबिटीज नामक अवस्था से होती है। इस स्थिति में ब्लड शुगर का स्तर सामान्य से थोड़ा अधिक होता है, लेकिन इतना नहीं कि तुरंत बीमारी के रूप में पहचाना जा सके। यही कारण है कि कई लोग वर्षों तक बिना इलाज के रहते हैं। इस दौरान शरीर में इंसुलिन प्रतिरोध बढ़ता जाता है, जिससे ग्लूकोज को सही तरीके से उपयोग करने की क्षमता प्रभावित होती है।
शारदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. भुमेश त्यागी के मुताबिक, टाइप-2 डायबिटीज आज एक वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती बन चुकी है और कुल मामलों में इसका हिस्सा 90 प्रतिशत से भी अधिक है। चिंता की बात यह है कि प्रीडायबिटीज की अवस्था 5 से 6 साल तक बिना किसी बड़े लक्षण के बनी रह सकती है।
कई बार डायबिटीज के शुरुआती संकेत इतने हल्के होते हैं कि लोग उन्हें सामान्य थकान या जीवनशैली से जुड़ी समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। जैसे हल्की थकावट महसूस होना, बार-बार प्यास लगना, पेशाब की मात्रा बढ़ना, रात में बार-बार पेशाब आना, धुंधला दिखना या बार-बार त्वचा संक्रमण होना। इन लक्षणों को गंभीरता से न लेने पर बीमारी धीरे-धीरे अंदर ही अंदर बढ़ती रहती है।
भारत में डायबिटीज के देर से पता चलने का एक बड़ा कारण स्वास्थ्य जांच के प्रति लापरवाही भी है। अधिकांश लोग तब तक जांच नहीं कराते जब तक कोई गंभीर लक्षण सामने न आ जाए। जागरूकता की कमी और नियमित हेल्थ चेकअप से बचने की प्रवृत्ति इस समस्या को और बढ़ा देती है।
डायबिटीज से बचाव के लिए समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच कराना बेहद जरूरी है, खासकर अगर परिवार में पहले से मधुमेह का इतिहास हो। संतुलित आहार, मीठे और प्रोसेस्ड फूड का सीमित सेवन, वजन को नियंत्रण में रखना और नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाना इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है।विशेषज्ञों का कहना है कि बदलती जीवनशैली के कारण अब कम उम्र के लोग भी डायबिटीज की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में समय रहते सतर्कता और सही जीवनशैली ही इस साइलेंट बीमारी से बचाव का सबसे कारगर तरीका है।
यह भी पढ़ें: Noida Child Thieves: थार का शौक बना जुर्म, बच्चों ने उड़ाए 20 लाख रुपये









