Health News: ठंड और प्रदूषण की मार, गर्भवती महिलाओं के लिए चेतावनी
चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक अत्यधिक ठंड और प्रदूषण के संपर्क में रहना गर्भवती महिलाओं के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है।

Health News: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और बढ़ते वायु प्रदूषण ने आम लोगों के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं की सेहत को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक अत्यधिक ठंड और प्रदूषण के संपर्क में रहना गर्भवती महिलाओं के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है। इससे न केवल मां का ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है, बल्कि समय से पहले बच्चे के जन्म और भ्रूण के विकास में रुकावट का खतरा भी बढ़ जाता है।
डॉक्टरों के अनुसार, सर्दियों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है और कई इलाकों में अधिकतम तापमान औसत से 8 से 10 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है। ऐसे हालात में शरीर ठंड से बचने के लिए हार्मोनल बदलाव करता है। शोध बताते हैं कि ठंड के संपर्क में आने से सिम्पैथेटिक नर्वस सिस्टम और रेनिन-एंजियोटेंसिन सिस्टम सक्रिय हो जाते हैं, जो सीधे तौर पर ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करते हैं। गर्भावस्था के दौरान पहले से ही शरीर पर अतिरिक्त दबाव रहता है, ऐसे में यह बदलाव भ्रूण की ग्रोथ को प्रभावित कर सकता है।
सर्दी में बढ़ जाती हैं गर्भवती महिलाओं की परेशानियां
गायनेकोलॉजिस्ट और सीनियर कंसल्टेंट डॉ. अनीता सभरवाल के अनुसार, गर्भवती महिलाओं में सर्दियों के मौसम में रूखी त्वचा, नाक बंद होना, थकान और इम्यून सिस्टम में बदलाव जैसी समस्याएं अधिक देखने को मिलती हैं। ठंड के कारण वायरल संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। इसके अलावा सर्दियों में प्यास कम लगने से पानी का सेवन घट जाता है, जिससे डिहाइड्रेशन और कब्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
भारी कपड़ों और ठंड के चलते शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है, जिससे आलस, मांसपेशियों में अकड़न और जोड़ों में दर्द की शिकायत बढ़ती है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषण का स्तर सर्दियों में अधिक रहने से सांस की बीमारियों, ब्रोंकाइटिस और एलर्जी के मामलों में भी इजाफा होता है, जो गर्भावस्था के दौरान और अधिक खतरनाक हो सकता है।
प्रदूषण और समय से पहले जन्म का संबंध
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, बढ़ते प्रदूषण का सीधा असर गर्भस्थ शिशु पर पड़ सकता है। कई अध्ययनों में यह सामने आया है कि प्रदूषित वातावरण में लंबे समय तक रहने से समय से पहले डिलीवरी और कम वजन वाले शिशु के जन्म का खतरा बढ़ जाता है। दूसरी और तीसरी तिमाही में यह जोखिम और अधिक हो जाता है। ऑब्स्टेट्रिशियन और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. स्वप्निल अग्रहरि बताते हैं कि जब प्लेसेंटा तक रक्त प्रवाह प्रभावित होता है, तो भ्रूण को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता। इससे बच्चे की ग्रोथ धीमी हो सकती है और भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं भी सामने आ सकती हैं।
ब्लड प्रेशर और प्री-एक्लेम्पसिया का खतरा
ठंड में शरीर गर्मी बनाए रखने के लिए रक्त नलिकाओं को सिकोड़ देता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। गर्भावस्था में यह स्थिति प्रेग्नेंसी-इंड्यूस्ड हाइपरटेंशन और प्री-एक्लेम्पसिया जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार सिरदर्द, हाथ-पैर या चेहरे पर सूजन, आंखों के सामने धुंधलापन या अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ना जैसे लक्षणों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
एक्सरसाइज और दिनचर्या में करें बदलाव
विशेषज्ञों का सुझाव है कि गर्भवती महिलाओं को मौसम और गर्भावस्था की अवस्था के अनुसार अपनी दिनचर्या में बदलाव करना चाहिए। हल्की-फुल्की एक्सरसाइज, योग और स्ट्रेचिंग को पूरी तरह बंद न करें, बल्कि डॉक्टर की सलाह से सुरक्षित विकल्प अपनाएं। संतुलित और पौष्टिक आहार, पर्याप्त पानी पीना और नियमित एंटीनेटल चेक-अप बेहद जरूरी है।
डॉक्टरों की जरूरी सलाह
चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को मौसमी फ्लू का टीका लगवाने की सलाह दी है। प्रदूषण अधिक होने या फ्लू के मामलों के बढ़ने पर भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें और बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें। हाथों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें और बुखार, लगातार खांसी या सांस लेने में दिक्कत होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
भारतीय महिलाओं में विटामिन-डी की कमी आम है, जो सर्दियों में और बढ़ सकती है। ऐसे में रोजाना 15 से 20 मिनट धूप लेना, डॉक्टर द्वारा सुझाए गए सप्लीमेंट्स लेना और पर्याप्त नींद लेना फायदेमंद हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि गर्म रहने, संतुलित आहार और नियमित मेडिकल जांच से ठंड और प्रदूषण से जुड़े जोखिमों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।









