ठंड और प्रदूषण की मार से बढ़ता दिल का खतरा, सर्दियों में रखें ये सावधानी
डॉक्टरों का कहना है कि सर्दियों में तापमान गिरने से शरीर की धमनियां सिकुड़ने लगती हैं। इससे रक्त प्रवाह प्रभावित होता है और दिल को खून पंप...

सर्दी के मौसम के साथ-साथ बढ़ता प्रदूषण दिल की सेहत के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, ठंड के महीनों में हार्ट अटैक के मामलों में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी जाती है। खासकर वे लोग जो पहले से हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर या डायबिटीज से जूझ रहे हैं, उनके लिए यह समय अधिक सतर्क रहने का है।
डॉक्टरों का कहना है कि सर्दियों में तापमान गिरने से शरीर की धमनियां सिकुड़ने लगती हैं। इससे रक्त प्रवाह प्रभावित होता है और दिल को खून पंप करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। यदि किसी व्यक्ति की धमनियों में पहले से ब्लॉकेज मौजूद है, तो हार्ट अटैक का खतरा और बढ़ जाता है। ठंडी हवा के संपर्क में आने से एंजाइना जैसी समस्याएं भी उभर सकती हैं।
वहीं, दिल्ली जैसे शहरों में प्रदूषण इस खतरे को और गंभीर बना देता है। प्रदूषण में मौजूद पीएम 2.5 जैसे सूक्ष्म कण सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर खून तक पहुंच जाते हैं। ये कण ब्लड प्रेशर बढ़ाने में भूमिका निभाते हैं, जिससे धमनियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। लंबे समय तक ऐसा बने रहने से हृदय संबंधी जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं। सर्दियों में लोगों की जीवनशैली भी बदल जाती है। खान-पान बढ़ जाता है, तला-भुना और ज्यादा कैलोरी वाला भोजन आम हो जाता है, जबकि शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है। इसका सीधा असर वजन, ब्लड शुगर और बीपी पर पड़ता है, जो हार्ट अटैक के जोखिम को बढ़ाने वाले प्रमुख कारक हैं।
प्रदूषण का असर सिर्फ दिल तक सीमित नहीं है। अस्पतालों की ओपीडी में एलर्जिक राइनाइटिस के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। नाक बहना, लगातार छींक आना, आंखों में जलन, गले और कानों में खुजली, सिरदर्द और थकान जैसे लक्षण आम हो गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार, इन दिनों ओपीडी में आने वाले कुल मरीजों में 20 से 30 प्रतिशत ऐसे ही मामलों के होते हैं। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सर्दी और प्रदूषण के मौसम में नियमित दवाएं लेना, सुबह-शाम ठंडी हवा से बचाव, संतुलित आहार, हल्की एक्सरसाइज और प्रदूषण के समय मास्क का इस्तेमाल बेहद जरूरी है। थोड़ी-सी सावधानी दिल को बड़ी परेशानी से बचा सकती है।









