Youth Health Alert: मोटापा ही नहीं, दुबलापन भी युवाओं में बढ़ा रहा चिंता

देश के युवाओं के बीच मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। अब यह चिंता केवल मोटापे से परेशान युवाओं तक सीमित नहीं रह गई है

देश के युवाओं के बीच मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। अब यह चिंता केवल मोटापे से परेशान युवाओं तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि दुबले-पतले शरीर वाले युवा भी अपने लुक और बॉडी स्ट्रक्चर को लेकर तनाव और असंतोष महसूस कर रहे हैं। समाज की अपेक्षाएं, शरीर को लेकर तुलना और बार-बार मिलने वाले ताने युवाओं के आत्मविश्वास को कमजोर कर रहे हैं।

हालिया शोधों में इस स्थिति को ‘बॉडी इमेज डिस्ट्रेस’ कहा गया है, जिसमें व्यक्ति अपने शरीर को लेकर लगातार नकारात्मक सोच में उलझा रहता है। यह समस्या धीरे-धीरे युवाओं की मानसिक सेहत पर गहरा असर डाल रही है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के संयुक्त अध्ययन ने इस मुद्दे को आंकड़ों के साथ उजागर किया है। इस अध्ययन में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के 1,071 युवाओं को शामिल किया गया, जो एम्स की ओपीडी से जुड़े थे।

रिपोर्ट के अनुसार, 49 प्रतिशत मोटापे से ग्रस्त युवाओं और 47 प्रतिशत कम वजन वाले युवाओं में मध्यम से गंभीर स्तर की बॉडी इमेज से जुड़ी मानसिक परेशानी पाई गई। वहीं सामान्य या थोड़ा अधिक वजन वाले युवाओं में यह समस्या अपेक्षाकृत कम, लगभग 36 प्रतिशत दर्ज की गई। इससे यह स्पष्ट हो गया कि मानसिक दबाव सिर्फ मोटापे से जुड़ा मुद्दा नहीं है।

अध्ययन में यह भी सामने आया कि हर तीसरा युवा आत्मविश्वास की कमी महसूस करता है, जबकि हर चौथा युवा मानता है कि लोग उसे उसके शरीर के आधार पर आंकते हैं। यह भावना युवाओं को सामाजिक रूप से असहज और मानसिक रूप से कमजोर बना रही है।शोध से जुड़ी विशेषज्ञ न्यूट्रिशनिस्ट वारिशा अनवर के अनुसार, लंबे समय से यह धारणा रही है कि शरीर को लेकर असंतोष केवल मोटे लोगों में होता है, लेकिन यह पूरी तरह गलत है। दुबले युवाओं में भी शर्मिंदगी, चिंता और खुद को कमतर समझने की भावना उतनी ही गहरी देखी गई है।

अध्ययन के मुताबिक, वजन के अनुसार मानसिक समस्याओं का स्वरूप भी बदल जाता है। मोटापे से जूझ रहे युवाओं में आत्म-संकोच और हीन भावना अधिक पाई गई, जबकि कम वजन वाले युवाओं में अकेलापन, चिंता और सामाजिक दूरी की प्रवृत्ति ज्यादा देखी गई।विशेषज्ञों का मानना है कि युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना उतना ही जरूरी है जितना शारीरिक फिटनेस पर, ताकि वे खुद को स्वीकार कर सकें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!