Alert: हरकी पैड़ी पर सख्ती, गैर-हिंदुओं के प्रवेश और रील बनाने पर लगी रोक
तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि इस तरह के वीडियो से हरिद्वार की धार्मिक छवि प्रभावित होती है और इससे माहौल बिगड़ने की आशंका रहती है।

Alert: हरिद्वार के प्रमुख तीर्थस्थल हरकी पैड़ी पर धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। श्रीगंगा सभा की ओर से घाट क्षेत्र में जगह-जगह सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें स्पष्ट किया गया है कि हरकी पैड़ी में गैर-हिंदुओं का प्रवेश प्रतिबंधित है। इसके साथ ही यहां रील या वीडियो बनाना, खासकर फिल्मी गानों पर शूटिंग करना, पूरी तरह निषेध कर दिया गया है।
श्रीगंगा सभा ने यह भी साफ किया है कि हरकी पैड़ी और मालवीय द्वीप क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। संस्था का कहना है कि सोशल मीडिया के लिए बनाए जा रहे कुछ वीडियो धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हैं और तीर्थस्थल की गरिमा को नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे मामलों में अब कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दरअसल, कुछ दिन पहले हरकी पैड़ी क्षेत्र में बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में दो युवक विदेशी वेशभूषा में घाटों पर घूमते नजर आए, जिन्होंने खुद को दुबई का निवासी बताया। इस वीडियो के सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी देखी गई और इसे धार्मिक मर्यादा के खिलाफ बताया गया। तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि इस तरह के वीडियो से हरिद्वार की धार्मिक छवि प्रभावित होती है और इससे माहौल बिगड़ने की आशंका रहती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद जांच शुरू की गई है।
श्रीगंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि घाटों की मर्यादा बनाए रखना संस्था की प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अराजक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, सचिव उज्जवल पंडित ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस चौकी को दे दी गई है। शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों से धार्मिक स्थलों पर नियमों का पालन करने की अपील की है।









