अरुणाचल के गांवों में आज से दो दिन रहेंगे अमित शाह, शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि
उल्लेखनीय है कि सरकार ने सीमावर्ती गांवों को विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया है। केंद्र सरकार ने इसके लिए वाइब्रेंट विलेज योजना की...

चीन से तनातनी के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को अरुणाचल प्रदेश पहुंचेंगे। उनका यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि कुछ दिन पहले ही चीन ने अरुणाचल प्रदेश के 11 स्थानों के नाम बदलने की घोषणा की है। अपनी इस यात्रा के दौरान गृह मंत्री अरुणाचल प्रदेश को कई सौगात देंगे।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने सीमावर्ती गांवों को विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया है। केंद्र सरकार ने इसके लिए वाइब्रेंट विलेज योजना की घोषणा की है। गृह मंत्री यात्रा के पहले दिन सामरिक रूप से महत्वपूर्ण गांव किबिथू पहुंचेंगे और वाइब्रेंट विलेज योजना लॉन्च करेंगे। यह गांव 1962 के चीन युद्ध के थिएटरों में शामिल रहा है।
गृह मंत्री किबिथू गांव में स्वर्ण जयंती सीमा रोशनी कार्यक्रम के तहत 9 सूक्ष्म पनबिजली परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। मंगलवार को गृह मंत्री नमती क्षेत्र जाएंगे और वालोंग युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान वे आईटीबीपी परियोनाओं का उद्घाटन करेंगे और जवानों से भी बातचीत करेंगे।
केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 के लिए 4800 करोड़ रुपये के केंद्रीय योगदान के साथ वाइब्रेंट विलेज योजना को मंजूरी दी है। योजना के तहत हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड और सिक्किम तथा केंद्र शासित लद्दाख के उत्तरी सीमा से सटे कुल 19 जिलों के 46 प्रखंडों के 2,967 गांवों का विकास किया जाना है।
ये भी पढ़े: गोलगप्पे खाने से इनकार करने पर बुजुर्ग महिला की हत्या, जानिए पूरा मामला










