Amritsar News : पुलिस की घेराबंदी में फंसा ग्रेनेड केस का आरोपी, चलीं गोलियां
पंजाब के अमृतसर देहात इलाके में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मत्तेवाल क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान.......

Amritsar News : पंजाब के अमृतसर देहात इलाके में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मत्तेवाल क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान गुरदासपुर ग्रेनेड हमले के आरोपी हरमनजीत सिंह उर्फ हरमन को पुलिस की गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। पुलिस के मुताबिक, हरमन अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। मत्तेवाल के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी। पुलिस को देखकर दोनों ने वहां से निकलने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। आरोप है कि पीछा किए जाने के दौरान हरमन ने पुलिस टीम पर करीब तीन राउंड फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर गया। इसी दौरान उसका साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गुरदासपुर ग्रेनेड हमले से जुड़ा है नाम
एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान अमृतसर देहात के गांव बोपाराय निवासी हरमनजीत सिंह उर्फ हरमन के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में उसका नाम गुरदासपुर में हुए ग्रेनेड हमले से सामने आया है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे उसकी कथित भूमिका की जांच की जा रही है। हरमन के खिलाफ गुरदासपुर और अमृतसर में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसके पुराने मामलों और अन्य संभावित गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं मामले
पुलिस के अनुसार, हरमन के खिलाफ 2024 में थाना मेहता में मोबाइल लूट का मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा इसी साल मत्तेवाल क्षेत्र में एक व्यक्ति पर गोली चलाने के आरोप में भी उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। फिलहाल पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है। घायल आरोपी का उपचार पूरा होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, जिसके आधार पर ग्रेनेड हमले समेत अन्य मामलों में आगे की कार्रवाई की जाएगी।









