Bhaljor Bridge: भारी वाहनों के लिए बंद होगा पुल, डायवर्ट रूट से जाएंगे बड़े वाहन
बिहार और झारखंड को जोड़ने वाले NH-133E स्थित भलजोर पुल पर जल्द ही भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। पुल की जांच में उसके सुपर स्ट्रक्चर...

Bhaljor Bridge: बिहार और झारखंड को जोड़ने वाले NH-133E स्थित भलजोर पुल पर जल्द ही भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। पुल की जांच में उसके सुपर स्ट्रक्चर में खामियां सामने आई हैं। हालांकि, पुल का फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर फिलहाल ठीक पाया गया है। मरम्मत का काम पूरा होने तक बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
डीएम अंशुल अग्रवाल ने किया पुल का निरीक्षण
मंगलवार को डीएम अंशुल अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ भलजोर पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल के ऊपरी और निचले हिस्से को करीब आधे घंटे तक बारीकी से देखा। इससे पहले विशेषज्ञों की टीम भी पुल की तकनीकी जांच कर चुकी है, जिसमें सुपर स्ट्रक्चर में खामियां मिलने की बात सामने आई थी।
भारी वाहनों के लिए जल्द बंद होगा पुल
प्रशासन के मुताबिक, पुल की मरम्मत के लिए प्राक्कलन तैयार करने और टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में कुछ महीने लग सकते हैं। इसी वजह से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल को जल्द ही भारी वाहनों के लिए बंद किया जाएगा। वहीं, छोटे वाहनों की आवाजाही फिलहाल जारी रहेगी।
हंसडीहा-गोड्डा रूट से जाएंगे बड़े वाहन
भारी वाहनों को डायवर्ट करने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाएगा। बड़े वाहनों को हंसडीहा-गोड्डा रूट की ओर से भेजने की योजना है। वाहन चालकों को रास्ते की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे। एनएच विभाग के अभियंताओं को डायवर्सन की व्यवस्था जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
56 साल पुराना है पुल
एनएच विभाग के अनुसार, करीब 52 मीटर लंबा और 7.50 मीटर चौड़ा भलजोर पुल लगभग 56 साल पुराना है। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इसके सुपर स्ट्रक्चर पर असर पड़ा है। पुल के पुनर्निर्माण में करीब छह महीने का समय लगने का अनुमान है। पुल बंद होने के बाद भारी वाहनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब 20 से 25 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है। वहीं, यात्री बसों के रूट प्रभावित होने से आम लोगों की परेशानी भी बढ़ने की संभावना है।









