Big Political Action: मर्डर केस में BJP विधायक गिरफ्तार, जांच जारी
कर्नाटक की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा विधायक B. Basavaraj को पुलिस ने बेंगलुरु के Kempegowda International Airport...

Big Political Action: कर्नाटक की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा विधायक B. Basavaraj को पुलिस ने बेंगलुरु के Kempegowda International Airport से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह अहमदाबाद से लौट रहे थे, तभी सीआईडी की टीम ने उन्हें हिरासत में लिया।
बसवराज Bengaluru की केआर पुरम विधानसभा सीट से विधायक हैं। उनकी गिरफ्तारी रियल एस्टेट कारोबारी और कथित राउडी-शीटर शिवप्रकाश उर्फ ‘बिकलू शिवा’ की हत्या के मामले में हुई है। यह वारदात 15 जुलाई 2025 को भारती नगर इलाके में शिवप्रकाश के घर के बाहर हुई थी। हमलावरों ने दिनदहाड़े हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को घटना की वजह बताया गया था।
पुलिस जांच के दौरान विधायक का नाम भी साजिश से जुड़ा पाया गया। उन्हें इस मामले में आरोपी नंबर चार बनाया गया। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया था कि हत्या कथित तौर पर विधायक के निर्देश पर कराई गई। जांच एजेंसियों का दावा है कि उन्हें कुछ ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर बसवराज की भूमिका की जांच आवश्यक है।
गौरतलब है कि गिरफ्तारी से पहले विधायक ने अग्रिम जमानत के लिए अदालतों का दरवाजा खटखटाया था। 10 फरवरी को कर्नाटक हाई कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में अपील की, लेकिन वहां भी राहत नहीं मिली। शीर्ष अदालत ने अग्रिम जमानत पर सुनवाई से इनकार करते हुए उन्हें नियमित जमानत के लिए आवेदन करने की सलाह दी। साथ ही अदालत ने टिप्पणी की कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें जांच और ट्रायल का सामना करना चाहिए।
अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद उनकी गिरफ्तारी लगभग तय मानी जा रही थी। फिलहाल सीआईडी मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। इस घटनाक्रम से राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है।









