Budget 2026: बजट में यूपी को बड़ी सौगात, CM योगी ने गिनाईं उपलब्धियां
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बजट को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे देश के भविष्य को दिशा देने वाला बजट बताया।

Budget 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बजट को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे देश के भविष्य को दिशा देने वाला बजट बताया। उन्होंने बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह बजट भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बीते 11 वर्षों में हर निर्णय ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ लिया है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित कर प्रधानमंत्री ने केवल अधिकारों ही नहीं, बल्कि नागरिकों के कर्तव्यों पर भी राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा शुरू कराई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला बजट है जो ‘कर्तव्य भवन’ से प्रस्तुत हुआ है और इसका उद्देश्य हर भारतीय को अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट की विशेषताओं पर बात करते हुए कहा कि इसमें सुधार (रिफॉर्म), विकास (ग्रोथ) और वित्तीय अनुशासन (फिस्कल डिसिप्लिन) तीनों का स्पष्ट संतुलन दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि बजट में किसान, युवा, महिलाएं और गरीब वर्ग को केंद्र में रखा गया है। साथ ही, देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश की जरूरतों और आकांक्षाओं को भी इसमें महत्व दिया गया है, जिससे राज्य के विकास के लिए नई संभावनाएं खुलेंगी।
सीएम योगी ने बताया कि बजट में एमएसएमई सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यूपी के पास देश का सबसे बड़ा एमएसएमई आधार है, जहां करीब 96 लाख एमएसएमई इकाइयां संचालित हैं। यह बजट इन इकाइयों को मजबूती देगा और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम है।
यह भी पढ़ें: Tragic Reel: बरेली में रील बनाना पड़ा भारी, युवक की दर्दनाक मौत









