Chandigarh CBI: रिश्वत की रकम लेकर पहुंचा था इंस्पेक्टर, तभी पड़ा छापा!

चंडीगढ़ नगर निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने बुधवार को नगर निगम के.....

Chandigarh CBI: चंडीगढ़ नगर निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने बुधवार को नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर शक्ति शर्मा को कथित तौर पर 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। कार्रवाई सेक्टर-11 की मार्केट में की गई, जहां अधिकारी को कार में रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ा गया।

मामला डंपिंग ग्राउंड में जेसीबी के जरिए कचरा हटाने के काम से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, इस काम से जुड़े ठेकेदार प्रशांत से शक्ति शर्मा ने कथित तौर पर 14 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने मामले की शिकायत सीबीआई से की, जिसके बाद जांच एजेंसी ने जाल बिछाकर आरोपी अधिकारी को पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि डंपिंग ग्राउंड में जेसीबी मशीनों से कचरे की खुदाई और उसे हटाने का काम चल रहा है। ठेकेदार को उसकी लंबित भुगतान राशि जारी करने के बदले रिश्वत देने के लिए कहा गया था।

हर महीने भी मांगी जा रही थी रकम

जांच से जुड़ी जानकारी के अनुसार, ठेकेदार के करीब 10 लाख रुपये के मासिक बिल में से हर महीने 1 लाख रुपये देने की मांग की जा रही थी। इसके अलावा कुल 14 लाख रुपये की रिश्वत मांगे जाने का आरोप है। डंपिंग ग्राउंड में नगर निगम की ओर से एक दर्जन से ज्यादा जेसीबी मशीनें काम में लगाई गई हैं।

कई अधिकारियों की भूमिका पर भी नजर

सीबीआई अब इस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है। एजेंसी को शक है कि कथित रिश्वतखोरी का नेटवर्क केवल एक अधिकारी तक सीमित नहीं हो सकता। जांच के दायरे में नगर निगम के सेनेटरी विंग के अलावा एमओएच और इंजीनियरिंग विभाग के कुछ अधिकारियों के आने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई कुछ अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी में थी, लेकिन प्रस्तावित ट्रैप सफल नहीं हो सका। इस पूरे मामले में चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।

डंपिंग ग्राउंड के काम पर पहले से सवाल

चंडीगढ़ नगर निगम के डंपिंग ग्राउंड से कचरा हटाने और उसके निपटारे पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, नगर निगम अब तक इस काम पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च कर चुका है। डंपिंग ग्राउंड और गार्बेज प्रोसेसिंग प्लांट से जुड़े कामों के लिए कई कंपनियों को करोड़ों रुपये का भुगतान किया गया है।

आरोप यह भी हैं कि कुछ कंपनियों को बिना टेंडर प्रक्रिया के काम सौंपे गए और कुछ के पास संबंधित काम का पर्याप्त अनुभव भी नहीं था। इसी वजह से कचरा प्रबंधन से जुड़े ठेकों और भुगतान की प्रक्रिया जांच के दायरे में आ सकती है।

कचरा निपटान से जुड़े मामलों की भी होगी जांच

डंपिंग ग्राउंड में गीले और सूखे कचरे को हटाने का काम अभी भी अलग-अलग कंपनियों के जरिए किया जा रहा है। इसके साथ ही सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से संबंधित कामकाज को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।

सीबीआई अब कथित रिश्वतखोरी के मामले में आगे की जांच के लिए कॉल डिटेल, भुगतान से जुड़े दस्तावेज और टेंडर प्रक्रिया के रिकॉर्ड खंगाल सकती है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश होगी कि रिश्वत की मांग केवल आरोपी अधिकारी तक सीमित थी या इसमें नगर निगम के अन्य अधिकारियों की भी भूमिका थी।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!