chittorgarh bee attack: अंतिम संस्कार में मधुमक्खियों का हमला, 2 की मौत
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं उपखंड क्षेत्र के पारसोली गांव में मधुमक्खियों के हमले ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।

chittorgarh bee attack: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं उपखंड क्षेत्र के पारसोली गांव में मधुमक्खियों के हमले ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। एक व्यक्ति की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार के दौरान ही मधुमक्खियों के झुंड ने फिर हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए और एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, जमनालाल शर्मा नामक व्यक्ति पर मंगलवार को मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था, जब वह पूजा करके लौट रहे थे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इसके बाद जब उनका अंतिम संस्कार करने के लिए ग्रामीण श्मशान घाट पहुंचे, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड वहां आ गया और लोगों पर हमला कर दिया। हमले से अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालात ऐसे बन गए कि कुछ समय के लिए शव को वहीं छोड़कर लोगों को भागना पड़ा।
इस घटना में करीब 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई गई। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर घायलों में शामिल भवानी शंकर शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद सुरक्षा इंतजाम किए गए। कुछ समय बाद मधुमक्खियों के शांत होने पर ग्रामीणों ने विशेष सावधानी बरतते हुए और सुरक्षा किट पहनकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: Ramadan 2026: रमजान का चांद दिखते ही पढ़ें ये खास दुआ और जानें अर्थ









