Delhi Protest: बैरिकेड पर चढ़े राहुल, प्रियंका धरने पर; अखिलेश-अभिषेक हिरासत में

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी परिसर में धरने पर बैठ गए। दोनों नेता चुनाव आयोग के कार्यालय जाने की मांग पर अड़े रहे।

वोटर लिस्ट में कथित हेरफेर को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन तेज हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों ने मोर्चा खोलते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। इसी मांग को लेकर इंडी गठबंधन के नेताओं और सांसदों ने चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

मार्च के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी परिसर में धरने पर बैठ गए। दोनों नेता चुनाव आयोग के कार्यालय जाने की मांग पर अड़े रहे। बताया गया कि कांग्रेस के दोनों सांसद करीब डेढ़ घंटे तक परिसर में बैठे रहे। इससे पहले राहुल गांधी हाथ में तिरंगा लेकर बैरिकेड पर चढ़ते हुए भी नजर आए।

वहीं, पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी को हिरासत में ले लिया। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं और इसे लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगा जा रहा है।

बैरिकेड लगाकर रोका गया विपक्ष का मार्च

इंडी गठबंधन के सांसद चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। नीति आयोग के दफ्तर के सामने पुलिस ने बैरिकेड लगाकर मार्च को रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वहीं धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।

प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान ‘वोट चोर’ जैसे नारे भी लगाए गए। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में कथित तौर पर किए गए विवादित बदलाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हैं।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी परिसर में एक पेड़ के नीचे बैठकर विरोध जताते रहे। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों का प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जारी रहा।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि उनकी पार्टी ने पहले भी ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब उन्हें विश्वास हो गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त भरोसेमंद तरीके से काम नहीं कर रहे हैं।

वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि अगर लोगों के वोट मतदाता सूची से हटा दिए जाएं और बड़े पैमाने पर वोट हटाकर सत्ता हासिल की जाए, तो लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दे के खिलाफ आवाज उठाना बेहद जरूरी है।

कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने इसे लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जिस तरह से सरकार के प्रभाव में काम कर रहा है, वह स्वीकार्य नहीं है।

एसपी सांसद इकरा हसन ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष शुरुआत से ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाता रहा है और उन्हें बीजेपी एजेंट की तरह काम करने का आरोप लगाया जाता रहा है।

भारी पुलिस बल की तैनाती

विपक्ष के मार्च और प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जंतर-मंतर और उसके आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर और आसपास के इलाकों में कई जगह बैरिकेड लगाए गए हैं।

प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसद आरएसएस की यूनिफॉर्म पहने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कटआउट भी लेकर पहुंचे। पुलिस आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर नजर रख रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

सुरक्षा बलों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं का प्रदर्शन जारी है और चुनाव आयोग तक मार्च को लेकर गतिरोध बना हुआ है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!