पीएम मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान, देश के लिए गर्व का पल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया यात्रा के दौरान वहां के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया यात्रा के दौरान वहां के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे पूरे देश के लिए गर्व का पल बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को मिला यह सम्मान भारत और इथियोपिया के रिश्तों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह सम्मान इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली द्वारा प्रदान किया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में अमित शाह ने कहा कि यह हर भारतीय के लिए सम्मान और गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि किसी विदेशी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया यह 28वां सर्वोच्च सम्मान है, जो वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत होती पहचान और बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है। शाह ने कहा कि यह सम्मान भारत-इथियोपिया की मित्रता को और मजबूती देने वाला साबित होगा।
यह सम्मान पाने वाले पहले वैश्विक नेता बने पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस प्रतिष्ठित सम्मान को प्राप्त करने वाले दुनिया के पहले प्रधानमंत्री हैं। इस अवसर पर उन्होंने इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली का आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा कि G20 शिखर सम्मेलन के दौरान उन्हें इथियोपिया आने का स्नेहपूर्वक निमंत्रण मिला था, जिसे वह अस्वीकार नहीं कर सके।
पीएम मोदी बोले— यह सम्मान पूरे देश का है
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन करोड़ों भारतीयों का है, जिनके विश्वास और प्रयासों से भारत और इथियोपिया के संबंध मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा कि इतनी प्राचीन और समृद्ध सभ्यता वाले देश से सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इस सम्मान को पूरे भारत की ओर से विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं और इसे भारत-इथियोपिया की दोस्ती को समर्पित करते हैं।
दो दिवसीय दौरे पर इथियोपिया पहुंचे प्रधानमंत्री
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर इथियोपिया पहुंचे। वहां पहुंचने पर एयरपोर्ट पर उनका भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस यात्रा को भारत और इथियोपिया के बीच राजनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









