Gorakhpur News : सपा नेताओं में हाथापाई, पूर्व जिलाध्यक्ष को थप्पड़, VIDEO वायरल
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब पार्टी के ही कुछ नेता और कार्यकर्ता आपस....

Gorakhpur News : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब पार्टी के ही कुछ नेता और कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विवाद सपा नेता अंशुमान सिंह के समर्थकों और पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी के बीच हुआ। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया और प्रेस वार्ता को बीच में रोकना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत बैठने के लिए कुर्सी को लेकर हुई थी। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ गई। मौके पर मौजूद पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बीच में आकर दोनों पक्षों को अलग किया और माहौल शांत कराने की कोशिश की।
घटना के दौरान नगीना साहनी को थप्पड़ मारे जाने की बात भी सामने आई है। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें नेताओं के बीच धक्का-मुक्की और विवाद दिखाई दे रहा है।
दोनों पक्षों ने लगाए आरोप
पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी ने आरोप लगाया कि अंशुमान सिंह के कुछ समर्थक असलहों के साथ प्रेस वार्ता में पहुंचे थे और उन्होंने मारपीट शुरू की। वहीं, अंशुमान सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विवाद की शुरुआत नगीना साहनी की ओर से की गई थी और कुर्सी को लेकर जानबूझकर माहौल खराब किया गया।
घटना के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पार्टी नेताओं के हस्तक्षेप के बाद स्थिति संभली। वायरल वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है।









