Gurugram News: बिल्डर की मनमानी? 36वीं मंजिल पर परिवार को किया ‘हाउस अरेस्ट’
हरियाणा के गुरुग्राम से बिल्डर और फ्लैट मालिक के बीच विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-65 स्थित ट्रंप टावर में रहने वाले....

आरोप लगाने वाले फ्लैट मालिक वरुण सुहाग के मुताबिक, परिवार को करीब 45 मिनट तक परेशानी झेलनी पड़ी। उनका कहना है कि पुलिस में शिकायत करने के बाद ही लिफ्ट दोबारा चालू की गई। इस घटना को उन्होंने परिवार को घर में कैद करने जैसी स्थिति बताया है।
12 से 18 करोड़ रुपये तक है फ्लैट की कीमत
गुरुग्राम के ट्रंप टावर में रहने वाले लोगों के लिए यहां के फ्लैट की कीमत भी चर्चा का विषय है। जानकारी के मुताबिक, इस सोसायटी में 3 BHK फ्लैट की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये, जबकि 4 BHK फ्लैट की कीमत लगभग 18 करोड़ रुपये तक है।
वरुण सुहाग का आरोप है कि बिल्डर के साथ मेंटेनेंस और एग्रीमेंट लेटर को लेकर विवाद होने के बाद उनके परिवार की लिफ्ट सेवा बंद कर दी गई। इससे परिवार को 36वीं मंजिल से आने-जाने में परेशानी हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके फ्लैट पर सामान की डिलीवरी और अन्य सेवाएं भी रोक दी गई हैं।
परिवार में बुजुर्ग मां और एक साल का बच्चा भी
वरुण सुहाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर अपनी परेशानी बताई है। उन्होंने लिखा कि वह अपनी बुजुर्ग मां और एक साल के बच्चे के साथ फ्लैट में रहते हैं। ऐसे में लिफ्ट बंद किया जाना परिवार के लिए गंभीर समस्या बन सकता है।
उन्होंने मेडिकल इमरजेंसी की आशंका जताते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर परिवार के किसी सदस्य को तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में लिफ्ट की सुविधा बंद होना जोखिम भरा हो सकता है। वरुण ने अपनी पोस्ट के साथ एक वीडियो और सोसायटी मैनेजर को भेजे गए वॉट्सऐप मैसेज का स्क्रीनशॉट भी साझा किया है।
पुलिस की शिकायत के बाद दोबारा शुरू हुई लिफ्ट
लिफ्ट बंद होने से परेशान होकर परिवार ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 45 मिनट बाद लिफ्ट सेवा फिर से शुरू कराई गई। इसके बाद परिवार को राहत मिली।
वरुण सुहाग ने M3M के डायरेक्टर और सोसायटी मैनेजमेंट पर आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल विवाद की मुख्य वजह मेंटेनेंस और एग्रीमेंट लेटर को लेकर हुआ मतभेद बताया जा रहा है।









