Guwahati News: दूषित पानी पीकर 52 छात्र बीमार, टंकी में मिला बंदर
सम के गुवाहाटी में एक कॉलेज हॉस्टल से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दूषित पानी पीने के बाद 52 छात्र बीमार पड़ गए। सभी को पेट दर्द,....

Guwahati News: असम के गुवाहाटी में एक कॉलेज हॉस्टल से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दूषित पानी पीने के बाद 52 छात्र बीमार पड़ गए। सभी को पेट दर्द, उल्टी और बुखार जैसी शिकायतें हुईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। मामला तब और गंभीर हो गया, जब हॉस्टल की पानी की टंकी में कथित तौर पर एक मरा हुआ बंदर मिला। इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया।
पानी से दुर्गंध आने की पहले भी हुई थी शिकायत
यह मामला गुवाहाटी के जालुकबारी स्थित असम इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल नंबर-7 का है। जानकारी के मुताबिक, दुर्गा पूजा की छुट्टियों के बाद हॉस्टल लौटे छात्र लगातार पीने के पानी से बदबू आने की शिकायत कर रहे थे। छात्रों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर हॉस्टल के केयरटेकर को भी जानकारी दी थी, लेकिन इसके बावजूद पानी की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ।
रविवार को छात्रों ने पानी की लगातार खराब होती स्थिति को देखते हुए छत पर रखी टंकियों की जांच की। इसी दौरान पानी की टंकी में कथित रूप से मरा हुआ बंदर मिलने की बात सामने आई।
उल्टी और पेट दर्द से 52 छात्र हुए बीमार
दूषित पानी पीने के बाद 52 छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पेट दर्द, उल्टी और बुखार की शिकायत होने पर गवर्नमेंट आयुर्वेदिक कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया।
अस्पताल के प्राचार्य प्रणवज्योति वैश्य ने बताया कि सभी छात्रों की इमरजेंसी विभाग में जांच कर उनका इलाज किया गया। इनमें से तीन छात्रों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल भेजा गया था। हालांकि, किसी भी छात्र को भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। सभी 52 छात्रों की हालत स्थिर होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
कॉलेज प्रशासन ने उठाए ये कदम
छात्रों के बीमार होने की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने हॉस्टल की पानी की टंकियों की सफाई कराई। इसके अलावा छात्रों के मेस को भी दूसरे हॉस्टल में स्थानांतरित कर दिया गया।
असम इंजीनियरिंग कॉलेज की प्राचार्या अमृता गांगुली ने बताया कि छात्रों में पेट से जुड़ी बीमारियों की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने जरूरी कदम उठाए हैं।
हॉस्टल में पानी की व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद कॉलेज हॉस्टल में साफ पीने के पानी की उपलब्धता और टंकियों की नियमित सफाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों का आरोप है कि पानी से दुर्गंध आने की शिकायत पहले ही की गई थी, लेकिन समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ।
अब इस मामले ने हॉस्टल प्रशासन की जिम्मेदारी और पानी की टंकियों के रखरखाव पर बहस छेड़ दी है। गौरतलब है कि इससे पहले उत्तराखंड के नैनीताल में भी दूषित पानी की सप्लाई का मामला सामने आया था, जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी। उस घटना के बाद छह इंजीनियरों को निलंबित किया गया था।









